MP News: मुरैना में 49 करोड़ की सड़क बनी हादसों का कारण, जर्जर सड़क पर फिसली बाइक, 4 साल की मासूम समेत मां घायल

MP News: करीब 49 करोड़ रुपये की लागत से अवस्थी कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य पर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं और घटिया गुणवत्ता के आरोप लगाए हैं.
Road worth crores damaged

करोड़ों की सड़क खराब

रिपोर्ट – मनोज शर्मा

MP News: मुरैना जिले के सेमई से रामपुर तक निर्माणाधीन पीडब्ल्यूडी सड़क एक बार फिर विवादों में आ गई है. करीब 49 करोड़ रुपये की लागत से अवस्थी कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य पर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं और घटिया गुणवत्ता के आरोप लगाए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क कई स्थानों पर टूटी-फूटी, उखड़ी और जर्जर हो चुकी है, जिससे राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है.

इसी खराब सड़क के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया. सड़क पर मोटरसाइकिल फिसलने से 4 वर्षीय शिवा घायल हो गया. बच्चे के सिर और हाथ में चोट आई है. वहीं उसकी मां सुमन कुशवाह (20 वर्ष), पति सुनील कुशवाह के सिर और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश

घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला. उनका आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया और घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू हुए लगभग तीन वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन सड़क आज भी पूरी तरह तैयार नहीं हो सकी है. कई स्थानों पर सड़क उखड़ चुकी है, जिससे आए दिन वाहन फिसल रहे हैं.

निर्माण कार्य की निष्‍पक्ष जांच कराने की मांग

ग्रामीणों ने ठेकेदार, संबंधित इंजीनियरों और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सड़क का गुणवत्तापूर्ण निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है.

ये भी पढे़ं- MP News: मुरैना में बीईओ कार्यालय की जर्जर दीवार गिरी, सड़क किनारे बैठे वृद्ध घायल, बड़ा हादसा टला