MP News: 12 जुलाई से पटरी पर लौटेगी नांदेड़-टनकपुर एक्सप्रेस, MP, UP, उत्तराखंड और महाराष्ट्र के यात्रियों को मिली बड़ी राहत
ट्रेन (फाइल फोटो)
MP News: मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. रेलवे ने 12 जुलाई 2026 से ट्रेन संख्या 17631/17632 नांदेड़-टनकपुर-नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू करने का फैसला किया है. इस ट्रेन के चलने से ग्वालियर, झांसी, बीना, इटारसी, खंडवा और अकोला समेत कई प्रमुख शहरों के यात्रियों को सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा.
हर रविवार नांदेड़ से होगी रवाना
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 17631 प्रत्येक रविवार रात 11:40 बजे नांदेड़ से रवाना होगी. यह पूर्णा, अकोला, खंडवा, इटारसी, बीना, ललितपुर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, धौलपुर, आगरा कैंट, मथुरा, कासगंज, बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत और खटीमा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरते हुए मंगलवार सुबह 5:55 बजे टनकपुर पहुंचेगी.
वापसी का रहेगा यह समय
वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 17632 प्रत्येक मंगलवार सुबह 9:00 बजे टनकपुर से रवाना होगी. निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए यह मंगलवार रात 8:40 बजे ग्वालियर पहुंचेगी और बुधवार शाम 4:30 बजे नांदेड़ पहुंचेगी.
चार राज्यों के यात्रियों को होगा फायदा
इस साप्ताहिक एक्सप्रेस के शुरू होने से चार राज्यों के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा. खासकर ग्वालियर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को टनकपुर तथा नांदेड़ के लिए बिना ट्रेन बदले सीधे सफर करने की सुविधा मिलेगी. धार्मिक यात्रा, पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने वाले यात्रियों को इससे काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है.
32 कोच के साथ चलेगी ट्रेन
रेलवे ने इस ट्रेन में कुल 32 कोच लगाए हैं. इनमें 2 एसी द्वितीय श्रेणी, 4 एसी तृतीय श्रेणी, 11 स्लीपर, 8 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 4 महिला सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल हैं. रेलवे का कहना है कि पर्याप्त कोच उपलब्ध होने से यात्रियों को अधिक आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा. लंबे समय से इस रेल सेवा का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए 12 जुलाई से इसका नियमित संचालन बड़ी राहत लेकर आएगा.