Bhopal News: भाेपाल में अनोखी ईद की तैयारी, हिंदू उत्सव समिति ने तैयार कराए इको फ्रेंडली बकरे, कितनी रखी कीमत?
इको फ्रेंडली बकरे
Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में साल 2026 की बकरी ईद बेहद खास और चर्चा का विषय बन गई है. हिदूं उत्सव समिति ने मुस्लिम समाज से ईको फ्रेंडली ईद मनाने की अपील की है. इस अपील के तहत हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर करीब पिछले तीन सालों से शहर में इको फ्रेंडली बकरे तैयार करवा रहे हैं. शहर में बनने वाले इन मिट्टी के बकरों की कीमत करीब 1000 रुपये रखी गई. इस पर समिति का कहना है कि इन इकाे फ्रेंडली बकरों को पर्यावरण के सरंक्षण और जीवों के प्रति दया का संदेश देने के उद्देश्य से बनाया गया है.
हिंदू त्योहारों की तरह ईद भी हो इको फ्रेंडली
समिति ने बताया कि जैसे देशभर में इको फ्रेंडली दिवाली, इको फ्रेंडली होली और गणेश उत्सव जैसे बड़े अभियान चलाए जाते हैं, उसी तरह से ईद को भी पर्यावरण के प्रति संवेदनशील तरीके से मनाने पर चर्चा होनी चाहिए. समिति के अध्यक्ष का कहना है कि कुर्बानी के बाद बड़ी मात्रा में पानी को उसकी सफाई में खर्च किया जाता है. इसके अलावा कई जगहों पर खाल और अन्य वेस्ट मटेरियल खुले में पड़े रहने से गंदगी फैलती है. इससे आसपास का वातावरण भी पूरी तरह से प्रभावित होता है और स्वच्छता को बनाए रखना एक बड़ी चुनौती के रूप में दिखाई देती है.
धर्म या परंपरा का विरोध नहीं – हिंदू समिति अध्यक्ष
समिति अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य किसी भी धर्म या परंपरा का विरोध करना नहीं हैं. उनका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति करुणा का संदेश देना है. उन्होंने आगे कहा कि कण-कण में भगवान हैं, इसलिए सभी जीवों के प्रति दया और संवेदनशीलता रखना जरूरी है. उन्होंने आगे कहा कि समाज में पर्यावरण और स्वच्छता को लेकर समय के साथ जागरुकता बढ़ाना बेहद जरूरी है.
भोपाल में बनी चर्चा का विषय
इको फ्रेंडली बकरों वाली पहल अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है. कुछ लोग इस पहल हो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम मान रहे हैं, तो कुछ लोग इसे धार्मिक परंपराओं से जोड़ रहे हैं. हालांकि इस पर समिति ने स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य केवल समाज में जागरुकता को बढ़ावा देना है.
ये भी पढे़ं- 27 या 28 मई, कब मनाई जाएगी बकरीद 2026? जानें ईद-उल-अजहा की सही तारीख और कुर्बानी का महत्व