विस्तार न्यूज़ की खबर का बड़ा असर, श्योपुर में 2 साल की बच्ची मिलने के मामले में इंदौर से दंपती गिरफ्तार, एक लाख में किया था मासूम का सौदा
श्योपुर में लावारिश मिली 2 साल की बच्ची के मामले में पुलिस ने इंदौर से दंपती को गिरफ्तार किया है.
MP News: मध्य प्रदेश में एक बार फिर विस्तार न्यूज़ की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है. श्योपुर में 2 साल की लावारिस बच्ची मिलने के मामले में पुलिस ने इंदौर से आरोपी दंपती को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि ब्यूटी पार्लर चलाने वाले दंपती ने एक लाख रुपये में बच्ची का सौदा किया था. पुलिस ने इंदौर के महालक्ष्मी नगर से विजन ब्यूटी पार्लर संचालिका नीतू जैन और उसके पति वैभव जैन को गिरफ्तार किया है. मामले में बड़े मानव तस्करी गैंग की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है.
गोद ली हुई बच्ची को हाईवे पर छोड़ा
पूरा मामला श्योपुर के टोंक-चिरगांव नेशनल हाईवे पर सोंईकलां का है. यहां पर दो साल की बच्ची लावारिस अवस्था में मिली थी. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो बच्ची की के बारे में पता लगाया गया. लेकिन कहीं भी बच्ची के बारे में इसकी जानकारी नहीं मिली. इसके बाद सोशल मीडिया के जरिए बच्ची का पता लगवाया गया. सोशल मीडिया पर बच्ची की फोटो वायरल होने के बाद भोपाल में रहने वाली एक महिला ने दावा किया कि वह बच्ची के केयर टेकर है. भोपाल की महिला ने श्योपुर पहुंचकर बताया कि इसको आकाश मंदूड़ा और कृतिका मंदूड़ा नाम की दंपती ने गोद लिया था. बच्ची की देखभाल के लिए महिला को केयर टेकर के तौर पर रखा गया था. लेकिन कुछ दिनों बाद जब मंदूड़ा दंपती ने सैलरी देना बंद कर दिया तो महिला ने नौकरी छोड़ दी. महिला ने बताया कि मंदूड़ा दंपती के पहले से ही दो बच्चे थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने बच्ची को गोद लिया था. लेकिन आकाश और कृतिका दोनों बच्ची से मारपीट करते थे और इसकी सही से देखभाल नहीं करते थे.
महिला के बयान के बाद जब पुलिस ने भोपाल के एयरपोर्ट रोड आसाराम चौराहा के पास रहने वाले मंदूड़ा दंपती के पास पहुंचे. पुलिस ने आकाश और कृतिका को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इस दौरान दंपती कबूल किया कि वे बच्ची को श्योपुर में लावारिस छोड़कर आए थे.
विस्तार न्यूज़ की खबर के बाद पुलिस हुई अलर्ट
श्योपुर में बच्ची के मिलने के मामले में विस्तार न्यूज़ ने खबर को प्रमुखता से चलाया था. जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई को तेज किया. पुलिस ने जब भोपाल में बच्ची को गोद लेने वाले मंदूड़ा दंपती से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने कई राज खोले. आकाश मंदूड़ा और कृतिका मंदूड़ा ने बताया कि उन्होंने 3 महीने की बच्ची इंदौर के एक दंपती से खरीदी थी. विजन ब्यूटी पार्लर संचालिका नीतू जैन और उसके पति वैभव जैन ने बच्ची को एक लाख रुपये में खरीदा था. जिसके बाद पुलिस ने मामले में इंदौर से नीतू जैन और उसके पति वैभव जैन को भी गिरफ्तार कर लिया.
बड़े मानव तस्करी गैंग की संलिप्तता की आशंका
इंदौर की दंपती नीतू जैन और वैभव जैन ने बच्ची का सौदा एक लाख रुपये में भोपाल के आकाश मंदूड़ा और कृतिका मंदूड़ा से किया था. बताया जा रहा है कि नीतू और वैभव धार जिले से 2 दिन की बच्ची को लेकर आए थे. इसके बाद उन्होंने बच्ची का सौदा कर दिया था. लेकिन नीतू और वैभव के पास ये बच्ची कहां से आई. इसका अभी तक पता नहीं चल सका है. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इसमें एक बडे़ मानव तस्करी करने वाले गैंग की संलिप्तता हो सकती है. जो बच्चों को चुराकर ऐसे मां-बाप को बच्चों को बेच देते हैं, जिनके बच्चे नहीं होते हैं.
वहीं पूरे मामले पर इंदौर के एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह का कहना है कि लावारिस बच्ची मिलने के मामले में श्योपुर से पुलिस टीम इंदौर आई थी. पुलिस ने जब ब्यूटी पार्लर चलाने वाले दंपती से पूछताछ की है तो पता चला है कि दंपती ने अपने किसी परिचित के माध्यम से बच्ची को धार से एडॉप्ट किया था. हालांकि मामले में पुलिस अभी जांच कर रही है, जिसके बाद ही पूरे मामले में खुलासा किया जाएगा.