छतरपुर में चार हाथ और चार पैर वाले बच्चे ने लिया जन्म! डॉक्टर का दावा – लाखों में एक बच्चा ऐसा होता है
छतरपुर: चार हाथ और चार पैर वाले बच्चे ने जन्म लिया
Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक दुर्लभ मामला सामने आया है. जहां एक महिला ने एक ऐसे बच्चे को जन्म दिया है, जिसके चार हाथ और चार पैर बताए जा रहे हैं. इस बच्चे को लेकर परिजनों, रिश्तेदारों और अस्पताल के कर्मचारियों में हैरानी देखने को मिल रही है. इस खबर को सुनते ही हॉस्पिटल में भीड़ जुटना शुरू हो गई है. वहीं, डॉक्टर्स ने भी इसे लेकर आश्चर्य जताया है और कहा है कि ऐसे बच्चों का मामला लाखों में एक होता है.
ये असामान्य मामला – चिकित्सक
दरअसल, लवकुशनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक महिला ने ऐसे बच्चे को जन्म दिया, जिसके चार हाथ और चार पैर बताए जा रहे हैं. स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों के मुताबिक, ये जुड़वां बच्चों के जन्म का असामान्य मामला है. डॉक्टरों का कहना है कि गर्भ में दूसरे बच्चे का शरीर पूरी तरह विकसित नहीं हो सका, जिसके चलते उसके शरीर के कुछ अंग पहले बच्चे से जुड़े रह गए. इसी वजह से नवजात के शरीर में अतिरिक्त हाथ और पैर दिखाई दे रहे हैं.
जन्म के समय नवजात का वजन करीब तीन किलोग्राम था. वहीं, नवजात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं और लोग इस असामान्य जन्म को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं.
‘लाखों में एक-दो केस सामने आते हैं’
अस्पताल में तैनात नर्स मोनिका श्रीवास्तव का कहना है कि मैं 14-15 साल से डिलीवरी रूम में काम कर रही हूं. ऐसा मैंने पहली बार देखा है. जब मैंने डॉक्टर से इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि ये दुर्लभ मामले होते हैं. एक-दो लाख बच्चों में ऐसा जन्म होता है. इस बच्चे में दूसरे बच्चे के अंग जुड़े हुए हैं जो विकसित नहीं हो पाए हैं. अब इसे रेफर किया जाएगा. बच्चा स्वस्थ है.
ये भी पढ़ें: Chhatarpur: रात में बैंगन भरता-रोटी खायी, सुबह उल्टी आने के बाद तीन सगी बहनों की मौत, पुलिस ने कब्र से निकलवाए शव
उन्होंने आगे कहा कि बच्चे के परिजन हरदुआ गांव के रहने वाले हैं. डिलीवरी के बाद मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं. इसके साथ ही मोनिका श्रीवास्तव ने बताया कि बच्चा सामान्य है. इसके अतिरिक्त ऑपरेशन और सर्जरी के जरिए अलग किया जा सकता है. बाकी डिटेल जानकारी तो डॉक्टर ही बता सकते हैं.