Damoh: ‘एक साल बाद जिंदा रही तो मिल पाएगा?’ PM आवास के इंतजार में केंद्रीय मंत्री की मौसी जनसुनवाई के दौरान हुईं भावुक
जनसुनवाई में पहुंची केंद्रीय मंत्री की मौसी
Damoh: मध्य प्रदेश के दमोह जिले के तेंदूखेड़ा में बीते मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया गया था. इस जनसुनवाई कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह खटीक की मौसी भी अपनी समस्या लेकर पहुंची थीं. दरअसल केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह की मौसी को लंबे समय से पीएम आवास का इंतजार है. जनसुनवाई के दौरान जब उन्होंने सीईओ से पूछ कि उन्हें पीएम आवास कब तक मिलेगा तो सीईओ ने जवाब दिया कि अभी इसमें करीब 1 साल का समय लग सकता है.
सीईओ का जवाब सुनकर हो गई भावुक
सीईओ के इस जवाब पर उन्होंने भावुक होकर कहा ‘अगर तब जीवित रही तो क्या पीएम आवास का लाभ मिल पाएगा.’ बता दें कि केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक की मौसी तुलसा खटीक तेजगढ़ में अकेली रहती है, उनकी कोई संतान भी नहीं है और पति का भी पूर्व में निधन हो चुका है. तुलसा खटीक सब्जी बेंचकर अपना जीवन यापन करनी हैं.
1 साल पहले केंद्रीय मंत्री आए थे घर
तुलसा खटीक जनसुनवाई में अपनी मांग लेकर सीईओ मनीष बागड़ी के पास पहुंची थी. उन्होंने पीएम आवास और नाली निर्माण की मांग की. इस पर सीईओ ने उनसे कहा कि नाली निर्माण का काम जल्द से जल्द करवाया जाएगा. वहीं आवास की स्वीकृति में अभी 1 वर्ष का समय लग सकता है. इस पर बृद्धा तुलसा ने कहा कि अगर 1 साल तक जीवित रहा तो आवास मिल पाएगा. लगभग एक वर्ष पहले जब केंद्रीय मंत्री उनके घर आए थे तो उन्हें अधिकारियों से आश्वासन मिला था कि आपको पीएम आवास मिल जाएगा
जनसुनवाई में सुनी गई समस्याएं
जनसुनवाई में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित लगभग 20 से 25 आवेदन प्राप्त हुए. जनसुनवाई में अनुविभागीय अधिकारी सीजी गोस्वामी, जनपद पंचायत सीईओ मनीष बागड़ी, तहसीलदार विवेक व्यास, बीईओ नितेश पांडे नायब तहसीलदार चंद्रशेखर शिल्पी, महिला एवं बाल विकास विभाग से सुपरवाइजर राजू नामदेव तथा अन्य अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
ये भी पढ़ें:‘बेसमेंट में कोचिंग क्लास नहीं चलेगी’, लखनऊ अग्निकांड के बाद CM योगी का बड़ा फैसला