MP News: सिवनी में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता, बिना मुंडेर वाले कुएं में गिरा जंगली सुअरों का झुंड, एक की मौत
बिना मुंडेर वाले कुएं में गिरा जंगली सुअरों का झुंड
रिपोर्ट – संजीव क्रिडिया, सिवनी
MP News: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली एक घटना सामने आई है. दरअसल, कान्हीवाड़ा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम कन्हान पिपरिया में बिना मुंडेर वाले कुएं में अचानक सात जंगली सुअर गिर गए, जहां एक जंगली सुअर की मौत होना बताया जा रहा है.
किसान के खेत में बना था कुआं
जानकारी में बताया जा रहा है कि किसान अनिल पाटिल के खेत में स्थित खुले कुएं के पास से गुजरते समय जंगली सुअरों का झुंड अचानक कुएं में गिर गया. कुएं की गहराई अधिक होने के कारण सुअर बाहर नहीं निकल सके और काफी देर तक पानी में फंसे रहे. सूचना मिलने पर दक्षिण वनमंडल सिवनी और वन विकास निगम की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.
कड़ी मशक्कत के बाद किया बचाव कार्य
वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. कड़ी मशक्कत के बाद सभी सात जंगली सुअरों को कुएं से बाहर निकाल लिया गया. हालांकि, लंबे समय तक कुएं में फंसे रहने और शारीरिक थकावट के कारण एक जंगली सुअर की मौत हो गई. अन्य सुअरों को सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया.
मामले की जांच जारी
वन विभाग ने मृत जंगली सुअर का पोस्टमार्टम कराया है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
जंगली जानवरों की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में बिना मुंडेर और खुले पड़े कुओं से वन्यजीवों को होने वाले खतरे को उजागर कर रही है. वन विभाग ने किसानों और ग्रामीणों से कुओं के आसपास सुरक्षा इंतजाम करने तथा मुंडेर निर्माण कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
ये भी पढे़ं- MP News: कूनो के बाद अब एडवेंचर और हेरिटेज टूरिज्म पर फोकस, श्योपुर में होगी बोटिंग, किले बनेंगे हेरिटेज होटल