MP News: लव जिहाद रोकने के लिए देश में बनेंगे रिहैब सेंटर, काजल हिंदूस्तानी बाेलीं- बाबा बागेश्वर करेंगे उद्घाटन
काजल हिंदुस्तानी
MP News: अपने आक्रामक अंदाज और बेबाक बयानों के लिए चर्चित हिंदू ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट काजल हिंदुस्तानी ने जबलपुर से बड़ा ऐलान किया है. राष्ट्रीय हिंदू स्वाभिमान मंच के कार्यक्रम में शामिल होने जबलपुर पहुंचीं काजल हिंदुस्तानी ने कहा कि गुजरात में देश का पहला ‘लव जिहाद रिहैब सेंटर’ खोला जाएगा. इस केंद्र में कथित तौर पर लव जिहाद से प्रभावित महिलाओं और उनके परिवारों को सहायता प्रदान की जाएगी. उन्होंने कहा कि लव जिहाद के जाल में फंसी युवतियों की काउंसलिंग की जाएगी और उन्हें तब तक केंद्र में रखा जाएगा, जब तक वे पूरी तरह इस प्रभाव से बाहर नहीं आ जातीं.
लव जिहाद को लेकर लगाए गंभीर आरोप
मीडिया से चर्चा करते हुए काजल हिंदुस्तानी ने कहा कि देश में लव जिहाद के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. उनका आरोप है कि कुछ गैर-हिंदू संगठन सुनियोजित तरीके से देश की युवतियों को अपने जाल में फंसा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि कथित लव जिहाद करने वाले लोगों ने अलग-अलग जातियों की युवतियों के लिए अलग-अलग “रेट” तय कर रखे हैं और उन्हें विदेशों से फंडिंग भी प्राप्त होती है. काजल हिंदुस्तानी ने कहा कि उच्च जाति की युवतियों को इस्लाम में शामिल कराने के लिए 15 से 18 लाख रुपए तक खर्च किए जाते हैं और इसके पीछे एक संगठित तंत्र काम करता है. उनका कहना है कि लड़कियों को बरगलाकर और ब्लैकमेल करके इस्लाम कबूल करने के लिए मजबूर किया जाता है.
गुजरात में खुलेगा पहला रिहैब सेंटर
काजल हिंदुस्तानी ने कहा कि ऐसे परिवारों और युवतियों की मदद के उद्देश्य से गुजरात में लव जिहाद रिहैब सेंटर की शुरुआत की जा रही है. उन्होंने बताया कि इस केंद्र का उद्घाटन धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के हाथों कराया जाएगा. इसके बाद धीरे-धीरे देशभर में ऐसे केंद्र स्थापित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में लव जिहाद से प्रभावित लड़कियों को रखा जाएगा और उनके साथ परिवार का एक सदस्य भी रह सकेगा. साथ ही विशेषज्ञों द्वारा उनकी काउंसलिंग की जाएगी, ताकि वे कथित तौर पर इस मकड़जाल से बाहर निकल सकें.
स्पेशल मैरिज एक्ट को लेकर भी उठाए सवाल
काजल हिंदुस्तानी ने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत होने वाले हिंदू-मुस्लिम विवाहों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि यदि किसी हिंदू लड़की की शादी मुस्लिम युवक से स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत होती है, तो शरिया कानून के अनुसार ऐसी शादी को मान्यता नहीं दी जाती. उनका दावा है कि शरिया के तहत तब तक विवाह को स्वीकार नहीं किया जाता, जब तक लड़की इस्लाम कबूल न कर ले. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत होने वाले विवाहों को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं.
काजल हिंदुस्तानी ने कहा कि यदि प्रेम ही आधार है, तो फिर लड़कियों को इस्लाम कबूल कराने और बच्चों को इस्लामी नाम देने की आवश्यकता क्यों पड़ती है. उनका कहना है कि यदि हिंदू और मुस्लिम विवाह करते हैं, तो दोनों धर्मों को समान दर्जा मिलना चाहिए. इसी आधार पर उन्होंने लव जिहाद को बढ़ावा दिए जाने का आरोप लगाया.
‘कॉकरोच पार्टी’ पर भी साधा निशाना
काजल हिंदुस्तानी ने तथाकथित ‘कॉकरोच पार्टी’ को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब देश में लाखों मतदाता भारतीय जनता पार्टी को चुन रहे हैं और जिन राज्यों में भाजपा की सरकार बनती है वहां कानून-व्यवस्था बेहतर होती है, तो ऐसे में अनावश्यक सवाल नहीं उठाए जाने चाहिए. उन्होंने कहा कि कॉकरोच पार्टी को कुछ ही दिनों में सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स मिल गए, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह अचानक उभरी हुई पार्टी है. उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के संस्थापक पहले से राजनीतिक दलों से जुड़े रहे हैं. काजल हिंदुस्तानी ने जंतर-मंतर पर किए गए आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि वहां मौजूद कई लोगों को यह तक नहीं पता था कि उन्हें किस मुद्दे के लिए बुलाया गया है.
टिविशा शर्मा सुसाइड मामले पर भी रखी राय
मध्य प्रदेश के चर्चित टिविशा शर्मा सुसाइड मामले पर भी काजल हिंदुस्तानी ने अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता बेटियों की समस्याओं का समाधान करना है, चाहे वे मायके में हों या ससुराल में. उन्होंने कहा कि दहेज के खिलाफ कानून होने के बावजूद आज भी दहेज प्रताड़ना के मामले सामने आते हैं. ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि बेटियों की सुरक्षा हर स्तर पर और हर घर में हो. उन्होंने कहा कि समाज को बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर देना होगा, ताकि वे किसी भी परिस्थिति में खुद को मजबूत बनाए रख सकें और जीवन की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ कर सकें.
ये भी पढे़ं- जबलपुर के गौरीघाट पर 11 दिनों तक एकांतवास करेंगी हर्षा रिछारिया, साध्वी ने बताई साधना की ये बड़ी वजह