MP-राजस्थान बॉर्डर पर खुलेंगे चेक पोस्ट, वाहनों की होगी जांच, लोगों की नाराजगी आई सामने
सांकेतिक तस्वीर
MP News: मध्य प्रदेश और राजस्थान सीमा पर वाहनों की जांच के लिए एक बार फिर से चेक पोस्ट संचालित होने जा रहे हैं. नीमच जिले के नयागांव में परिवहन विभाग चेक पोस्ट संचालित करने जा रहा है. इन पोस्ट के जरिए व्यावसायिक वाहनों की जांच की जाएगी. यातायात नियमों के उल्लंघन और ओवरलोडिंग के मामले में कार्रवाई की जाएगी.
वाहन चालकों में नाराजगी
परिवहन विभाग ने एक जुलाई 2024 को राज्य के सीमावर्ती एकीकृत चेक पोस्ट को बंद कर दिया था. अब विभाग नयागांव स्थित चेक पोस्ट को दोबारा संचालित करने की तैयारी कर रहा है. यहां मध्य प्रदेश से राजस्थान आने और जाने वाले व्यावसायिक वाहनों की जांच की जाएगी. इसके लिए होम गार्ड के जवानों और निजी कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा. इस निर्णय के बाद वाहन चालकों और लोगों में नाराजगी है.
मारपीट का वीडियो आया था सामने
चेक पोस्ट पर कमर्शियल वाहनों की जांच के दौरान ट्रेवलर वाहन के चालक से मारपीट का एक वीडियो वायरल हुआ था. पुलिस ने इसे ट्रेवलर और लोडिंग वाहन के बीच का मामला बताया था. वहीं, वाहनों चालकों ने वसूली और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था.
ये भी पढ़ें: ‘BAMS में आरोपी शुभम ने 2021 लिया था एडमिशन’, श्री सत्य साईं यूनिवर्सिटी के कुलगुरु बोले- पुलिस को दस्तावेज सौंपे गए
हाई कोर्ट ने लगाई रोक
दरअसल, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की एकल पीठ ने 26 अप्रैल 2026 को राज्य में चेक पोस्ट दोबारा खोलने की अनुमति दे दी थी. जिसके बाद 30 दिनों के भीतर इसे फिर से खोला जाना था. 11 मई 2026 को फिर से हुई सुनवाई में इस आदेश पर रोक लगा दी थी. इस मामले में याचिकाकर्ता और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी आगामी सुनवाई में अपना पक्ष रखेंगे.