बिहार की जेल में बंद मास्टरमाइंड ने रची थी सिंगरौली में बैंक लूट की साजिश, देशभर में 400 किलो सोना लूटने का आरोप

17 अप्रैल को हुई डकैती के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों चन्दन उर्फ चईया यादव (21) और गुलशन (19) को बिहार से गिरफ्तार किया था. आरोपियों से जब पूछताछ हुई तो उन्होंने बताया कि पटना की बेऊर जेल में बंद सुबोध सिंह ने ही बैंक लूट की योजना बनाई थी.
Picture of Singrauli bank robbery accused.

सिंगरौली बैंक लूट के आरोपियों की तस्वीर.

MP News: मध्य प्रदेश के सिंगरौली में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई लूट में पुलिस ने होश उड़ाने वाला खुलासा किया है. पुलिस की जांच में पता चला है कि सिंगरौली बैंक लूट की साजिश मध्य प्रदेश में नहीं बल्कि बिहार में पटना की जेल के अंदर बैठे मास्टरमाइंड ने रची थी. लूट करने वाली गैंग का सरगना पटना की बेऊर जेल में बंद है और सलाखों के पीछे से ही पूरी डकैती को ऑपरेट कर रहा था.

उड़ीसा की जेल में बंद साथी की मदद से करवाई लूट

17 अप्रैल को हुई डकैती के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों चन्दन उर्फ चईया यादव (21) और गुलशन (19) को बिहार से गिरफ्तार किया था. आरोपियों से जब पूछताछ हुई तो उन्होंने बताया कि पटना की बेऊर जेल में बंद सुबोध सिंह ने ही बैंक लूट की योजना बनाई थी. उसी के निर्देश पर बाकी लोग काम कर रहे थे. आरोपी सुबोध ने उड़ीसा की कुचिंडा जेल में बंद अपने साथी पीयूष जायसवाल की मदद से डकैती की वारदात को अंजाम दिया था.

जेल में बैठकर तय करता है किस शहर को निशाना बनाना है

आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि सुबोध का नेटवर्क काफी तगड़ा है. कई प्रदेशों और शहरों में उसके लिए काम करने वाले लोग हैं. जेल में ही बैठककर सुबोध तय करता है कि किस शहर को निशाना बनाना है और किस तरह से लूट करनी होगी. आरोप है कि सुबोध अब तक देशभर में अपने गैंग के जरिए 400 किलो से ज्यादा सोना लूट चुका है.

सबसे बड़ी बात ये है कि सुबोध के लिए काम करने वाले लोग आपस में एक-दूसरे को जानते भी नहीं हैं. इसलिए लूट को पकड़ पाना आसान नहीं रहता है.

17 अप्रैल को सिंगरौली में हुई थी लूट

बता दें सिंगरौली के वैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में कैश और गोल्ड समेत 15 करोड़ की लूट हुई थी. फिल्मी अंदाज में बैंक में हुई इस लूट ने पुलिस विभाग के होश उड़ा दिए थे. हालांकि पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही एक आरोपी को पकड़ लिया था. फिलहाल दो दिन पहले पकड़े गए आरोपी चईया यादव और गुलशन को पुलिस ने 7 दिन की रिमांड पर लिया है.

ये भी पढे़ं: ‘टॉयलेट में जाने के लिए फ्लाईओवर बनवाएं क्या?’, भोपाल के 90 डिग्री वाले पुल के पास बने सुलभ शौचालय को लेकर भड़के लोग

ज़रूर पढ़ें