Morena News: भीषण गर्मी में बूंद-बूंद के लिए तरस रहे लोग, 2 किलोमीटर दूर से पानी ढोने को मजबूर ग्रामीण
बूंद-बूंद के लिए तरस रहे ग्रामीण
Morena News/मनोज उपाध्याय: मुरैना जिले के पहाड़गढ़ मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत मानपुर में पेयजल संकट गहराता जा रहा है. भीषण गर्मी के बीच गांव के लोगों को पीने के पानी के लिए करीब 2 किलोमीटर दूर तक जाना पड़ रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार प्रशासन को लिखित एवं मौखिक रूप से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया.
जल जीवन मिशन का नहीं मिल रहा लाभ
ग्रामीणों के अनुसार जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी ग्राम मारा में बनाई गई थी, जो मानपुर से लगभग 8 किलोमीटर दूर स्थित है. लेकिन इस योजना का लाभ आज तक मानपुर के एक भी घर तक नहीं पहुंच पाया. ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में जल व्यवस्था पूरी तरह फेल हो जाती है और जगह-जगह पाइप लाइन टूटी पड़ी है.
बोरवेल तो है लेकिन पानी नहीं…
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में शासन द्वारा बोर तो करवा दिया गया, लेकिन उसमें न तो बिजली कनेक्शन दिया गया और न ही मोटर डाली गई. जिसके कारण बोर शोपीस बनकर रह गया है. हालात ऐसे हैं कि गर्मी में लोग निजी कुओं से पानी भरने को मजबूर हैं.

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बरसात के मौसम में खेतों के रास्ते बंद हो जाते हैं, जिससे पानी लाना और अधिक मुश्किल हो जाता है. ऐसे समय में लोग गंदे पानी और कच्चे स्रोतों का पानी पीने को मजबूर हो जाते हैं.
ग्राम पंचायत के सरपंच ने बताया कि…
ग्राम पंचायत के सरपंच ने बताया कि पिछले वर्ष भी इस गंभीर समस्या को प्रशासन के सामने उठाया गया था, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने और बंद पड़ी योजनाओं को चालू करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: ‘पैसे के लिए बेटी को प्रताड़ित किया गया…समर्थ गालियां देता था’, ट्विशा शर्मा के माता-पिता की अपील न्याय मिले