MP में दवा दुकानदारों की हड़ताल आज, मेडीसिन मिलने में हो सकती है दिक्कत, भोपाल में 3000 मेडिकल स्टोर पर असर
सांकेतिक तस्वीर
MP Medical Store Closed: मध्य प्रदेश समेत देशभर के मेडिकल स्टोर्स और केमिस्ट संगठनों ने आज हड़ताल का ऐलान किया है. ये हड़ताल ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्टस एंड ड्रगिस्ट (AIOCD) आयोजित कर रहा है. इसका प्रभाव पूरे प्रदेश पर पड़ने की संभावना है. राजधानी भोपाल के साथ-साथ हर जिले में हड़ताल का आयोजन किया जाएगा. इससे हजारों मेडिकल स्टोर्स बंद रहने की संभावना जताई गई है.
मेडिकल स्टोर क्यों बंद रहेंगे?
हड़ताल का आयोजन करने वाले संगठन AIOCD का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री और ई-फार्मेसी के कारण मेडिकल स्टोर्स का कारोबार प्रभावित हो रहा है. इस प्रक्रिया के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए हड़ताल जाने और मेडिकल स्टोर्स बंद करने का निर्णय लिया गया है. भोपाल के करीब 3000 मेडिकल इससे प्रभावित होंगे.
संगठन ने क्या-क्या मांग रखी हैं?
- AIOCD ने मांग रखी है कि ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्ती से नियंत्रित किया जाए.
- कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा दवाओं पर दिए जाने वाले भारी डिस्काउंट पर रोक लगाई जाए.
- ऑनलाइन दवा बिक्री के माध्यम से बेची जाने वाली नकली मेडीसिन पर रोक लगना चाहिए.
- संगठन का कहना है कि ऑनलाइन दवा व्यापार ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट का खुला उल्लंघन है.
बंद के बाद भी इमरजेंसी सुविधा रहेगी
- पीएम जनऔषधि केंद्र पर इसका असर नहीं पड़ेगा.
- हड़ताल के बावजूद सिविल, सरकारी, स्वास्थ्य केंद्रों पर मेडिकल स्टोर्स खुले रहेंगे.
- इमरजेंसी की हालत में दवा मिलती रहेगी.
कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे
भोपाल में केमिस्ट संघ के अध्यक्ष जितेंद्र धाकड़ का कहना है कि दवा कारोबारी सुबह 10 बजे दवा बाजार में इकट्ठा होंगे. ऑनलाइन दवा कारोबार के खिलाफ विरोध जताएंगे. इसके बाद सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को पीएम के नाम ज्ञापन सौंपेंगे.