रीवा के IG गौरव राजपूत ने बढ़ाया जवानों का मान, 30 आरक्षक एक साथ बने कार्यवाहक प्रधान आरक्षक; बैच लगाकर खुद दी बधाई
रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत और रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद ने जवानों को बैच लगाकर सम्मानित किया.
Mauganj News: मऊगंज जिले के पुलिस इतिहास में गुरुवार का दिन गौरव, सम्मान और उत्साह से भरा रहा. वर्षों से कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी अपने कंधों पर निभा रहे 30 आरक्षकों को एक साथ कार्यवाहक प्रधान आरक्षक का प्रभार सौंपा गया. जिले के गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को पदोन्नति का लाभ मिलने से पूरे पुलिस महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई.
वर्दी पर बैच लगाकर दी जिम्मेदारी
कलेक्टर सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह उस समय भावुक और ऐतिहासिक बन गया, जब रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत और रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद ने स्वयं पदोन्नत जवानों की वर्दी पर फित्ती (बैच) लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी का सम्मान प्रदान किया. अधिकारियों ने जवानों से हाथ मिलाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी ईमानदारी, समर्पण तथा कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनता की सेवा करने का संदेश दिया.
जवानों के चेहरे गर्व और खुशी से खिल उठे
बताया गया कि पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन के लगातार प्रयासों से नवगठित मऊगंज जिले को पदोन्नति संबंधी आवश्यक प्रशासनिक अधिकार प्राप्त हुए, जिसके बाद लंबे समय से प्रतीक्षित यह प्रक्रिया पूरी हो सकी. इस उपलब्धि को जिले की पुलिस व्यवस्था के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है.
पदोन्नति प्राप्त करने वाले जवानों के चेहरों पर गर्व और खुशी साफ दिखाई दी. वर्षों की मेहनत, अनुशासन और सेवा भावना का यह सम्मान उनके लिए किसी उपलब्धि से कम नहीं था. समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सभी पदोन्नत जवानों का अभिनंदन किया.
अन्य जवानों के लिए प्रेरणा स्त्रोत
इस ऐतिहासिक अवसर ने ना केवल पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाया है, बल्कि पूरे विभाग को नई ऊर्जा, नया आत्मविश्वास और मजबूत नेतृत्व भी प्रदान किया है. मऊगंज पुलिस के लिए यह केवल पदोन्नति नहीं, बल्कि कर्तव्यनिष्ठा के सम्मान, विश्वास की मजबूती और उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है. नवगठित जिले में हुई यह सामूहिक पदोन्नति आने वाले समय में अन्य जवानों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी.
ये भी पढे़ं: कौन हैं मध्यप्रदेश के यशवर्धन सिंह चौहान? जिन्हें श्रीलंका दौरे के लिए बनाया गया भारतीय अंडर-19 टीम का कप्तान