रीवा कमिश्नर को हाई कोर्ट ने लगाई फटकार, कहा- बेसिक ट्रेनिंग की जरूरत है
शीलेन्द्र सिंह
Commissioner Shailendra Singh Needs Basic Training: मध्यप्रदेश से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. जहां, जबलपुर हाई कोर्ट ने रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह को फटकार लगाई है. जी हां, दरअसल मध्यप्रदेश हाई कोर्ट ने रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह के एक आदेश पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है. कोर्ट ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति को हिरासत में भेजने या जेल में बंद रखने का आदेश देना बेहद संवेदनशील जिम्मेदारी है. इसके लिए अधिकारी को बुनियादी कानूनी प्रशिक्षण और संबंधित नियमों की पूरी जानकारी होना जरूरी है.
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, पूरा मामला रीवा निवासी ओमप्रकाश गुप्ता से जुड़ा है. जिसे कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने PIT-NDPS एक्ट के तहत ओमप्रकाश गुप्ता को छह महीने के लिए भोपाल जेल में बंद रखने का आदेश जारी किया था. इस आदेश को चुनौती देते हुए ओमप्रकाश की ओर से अधिवक्ता आलोक तिवारी ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी.
मंगलवार, यानी कि 24 नवंबर को चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोकजे और जस्टिस विवेक जैन की खंडपीठ ने पूरे मामले की सुनवाई की. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कमिश्नर के आदेश में कई गंभीर खामियां इंगित कीं. इसी को देखते हुए कोर्ट ने रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह को फटकार लगाई है.
कोर्ट ने कहा- बेसिक ट्रेनिंग की जरूरत है
चीफ जस्टिस ने टिप्पणी करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति को हिरासत में रखने का आदेश देना बेहद संवेदनशील काम है. ऐसे मामलों में अधिकारी को कानून और प्रक्रिया की पूरी जानकारी होनी चाहिए. कोर्ट ने यहां तक कहा कि कमिश्नर को इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए बुनियादी प्रशिक्षण की जरूरत है और उन्हें हिरासत से जुड़े नियमों की पूरी जानकारी नहीं है. अब इस मामले में हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी ने प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली और कानूनी प्रक्रियाओं के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं.



