चित्रकूट के गधा मेले में ‘चंकी पांडे’ का जलवा, 72 हजार में बिका, अमिताभ-शाहरुख भी पहुंचे
चित्रकूट गधा मेला
Chitrakoot: मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित भगवान राम की तपोभूमि चित्रकूट में दीपावली के बाद सोमवार को सदियों पुराना गधा मेला आयोजित किया गया. मंदाकिनी नदी के तट पर सुबह करीब 6 बजे शुरू हुए इस मेले में देश के अलग-अलग राज्यों से व्यापारी और पशुपालक अपने गधों के साथ पहुंचे. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब और राजस्थान समेत कई राज्यों के खरीदारों ने मेले में हिस्सा लिया. इस दौरान फिल्मी सितारों के नाम वाले गधे लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे. इनमें काले रंग के चंकी पांडे नाम के गधे ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, जिसकी कीमत 72 हजार रुपये लगी.
अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान के नाम वाले गधों की भी मांग
चित्रकूट के इस अनोखे मेले में गधों के नाम रखने का अंदाज भी खास है. यहां व्यापारी अपने पशुओं की पहचान अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, मिथुन चक्रवर्ती, संजय कपूर और चंकी पांडे जैसे फिल्मी सितारों के नाम पर करते हैं. इन नामों के चलते मेले में आने वाले खरीदारों और दर्शकों की दिलचस्पी भी बढ़ जाती है. फिल्मी नामों वाले गधों की खरीद-फरोख्त के दौरान व्यापारियों के बीच मोलभाव का दौर चलता रहा.
इस बार कीमत के मामले में चंकी पांडे सबसे आगे रहा. व्यापारियों के अनुसार, गधों की कीमत उनकी नस्ल, लंबाई, कद-काठी और शारीरिक क्षमता को देखकर तय की जाती है. मेले में अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और मिथुन चक्रवर्ती नाम वाले गधों की कीमत 50 हजार रुपये से कम रही, जबकि काले रंग के चंकी पांडे के लिए 72 हजार रुपये की बोली लगी. इसकी ऊंची कीमत ने मेले में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा.
औरंगजेब के शासनकाल से जुड़ी है मेले की परंपरा
चित्रकूट में लगने वाले इस गधा मेले का इतिहास भी काफी पुराना माना जाता है. स्थानीय मान्यताओं और जानकारों के मुताबिक, इस परंपरा का संबंध मुगल शासक औरंगजेब के शासनकाल से है. कहा जाता है कि उस समय सेना के लिए रसद और अन्य जरूरी सामान ढोने में गधों और खच्चरों का इस्तेमाल किया जाता था. इसी दौर में दीपावली के आसपास पशुओं की खरीद-फरोख्त के लिए मेले की शुरुआत होने की मान्यता है. समय के साथ इसका स्वरूप बदला, लेकिन गधों के व्यापार की यह परंपरा आज भी जारी है.
फिल्मी नाम और ऊंची कीमतें बनीं मेले की पहचान
चित्रकूट का यह मेला अपनी ऐतिहासिक विरासत के साथ-साथ अनोखी परंपराओं के लिए भी जाना जाता है. हर साल यहां अलग-अलग राज्यों से व्यापारी गधों की खरीद-बिक्री करने पहुंचते हैं. फिल्मी सितारों के नाम और पशुओं की ऊंची कीमतें इस आयोजन को खास बनाती हैं. इस बार 72 हजार रुपये की कीमत हासिल करने वाले चंकी पांडे ने मेले की चर्चा और बढ़ा दी.



