Sagar: बंद मकान से 4 लाख की अवैध शराब जब्त, 59 पेटियां बरामद, मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
सागर: बंद मकान से 59 पेटी अवैध शराब जब्त
Sagar News: मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी है. इसी क्रम में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में बंडा क्षेत्र के ग्राम मझगुआ में एक बंद मकान पर एक्शन किया है. ज्वॉइंट टीम ने मकान से 4 लाख रुपये की शराब जब्त की है. इसमें 59 पेटी देसी और विदेशी शराब की बोतल शामिल हैं.
मकान का ताला तोड़कर जब्ती की गई
आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि मझगुआ गांव के एक मकान में अवैध शराब रखी हुई है. जिला कलेक्टर दिलीप कुमार के आदेश के बाद सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडे के निर्देशन में कार्रवाई की गई. मकान का ताला तोड़ा गया और तलाशी ली गई तो भारी मात्रा में अवैध शराब मिली. 59 पेटी दारू बरामद की गई, इसमें 33 पेटी देसी शराब शामिल है. इसमें 5 पेटी मैकडॉवेल नंबर-1 व्हिस्की, 19 पेटी मैकडडावेल नंबर-1 रम और 2 पेटी सागर गोल्ड व्हिस्की है. कुल मिलाकर 531 लीटर बल्क शराब पायी गई.
आरोपी फरार, पुलिस ने दर्ज किया मामला
जिस घर पर कार्रवाई की गई, वह नितिन उर्फ शालू लोधी है. आरोपी मौके से फरार हो गया है. मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) और 34 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है. एक्शन टीम में आबकारी उपनिरीक्षक सियाराम चौधरी, कॉन्स्टेबल शिवानी, होमगार्ड सैनिक प्रेमचंद राय और प्राण सिंह और प्रधान आरक्षक बालकिशन सिंह और आरक्षक जयकिशन मौजूद रहे.
20 से ज्यादा लोगों की हुई थी मौत
सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी. करीब 125 से ज्यादा लोगों की तबीयत खराब हुई थी. इसके बाद से जिले में अवैध शराब की तस्करी और निर्माण के खिलाफ छापेमारी की जा रही है.



