बीना में चल रही थी अवैध LPG गैस की कालाबाजारी, लाखों रुपये के 150 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त

मध्य प्रदेश के बीना जिले में अवैध एलपीजी गैस की कालाबाजारी चल रही थी. आपूर्ति विभाग की कार्रवाई में इस फर्जीबाड़े का खुलासा हुआ है. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला.
Gas Cylinder Seizure

कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त

सागर जिले के बीना में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने कार्रवाई करते हुए 150 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए हैं. जब्त सिलेंडरों की कुल कीमत 7 लाख 81 हजार 500 रुपये बताई गई है. ये सिलेंडर कृषि उपज मंडी के समीप साहनी पेट्रोल पंप के सामने स्थित धर्मेंद्र अग्रवाल के गोदाम/मकान से बरामद किए गए.विभाग ने सिलेंडर रखने के नियमों के उल्लंघन पर मामला दर्ज किया है.

सहायक आपूर्ति अधिकारी राजेश पटेल ने दी जानकारी

सहायक आपूर्ति अधिकारी राजेश पटेल के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) कंपनी के सिलेंडर मिले. सहायक आपूर्ति अधिकारी राजेश पटेल ने बताया कि जांच के दौरान गोदाम और मकान में बीपीसीएल कंपनी के 19 किलो और 5 किलो क्षमता वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर मिले। विभाग ने सभी 150 सिलेंडर जब्त कर लिए हैं

आगे की कार्रवाई में जुटा विभाग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ये सिलेंडर सागर की सर्वश्रेष्ठ गैस एजेंसी से मेसर्स अग्रवाल ट्रेडर्स के माध्यम से मंगाए गए थे. इन्हें बीना रिफाइनरी में वितरित किया जाना बताया जा रहा था. हालांकि, निर्धारित प्रक्रिया और नियमों के तहत इनके भंडारण की स्थिति को लेकर विभाग ने कार्रवाई की है.

धर्मेंद्र अग्रवाल ने क्या कहा

अधिकारियों को धर्मेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि वह अग्रवाल ट्रेडर्स के नाम पर बीना रिफाइनरी में बीपीसीएल के कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई करते हैं. ट्रक खराब होने के कारण गोदाम व मकान में सिलेंडरों को भंडारित कराया गया था. सिलेंडरों के संबंध में उन्होंने बिल भी प्रस्तुत किया, लेकिन भंडारण संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे सिलेंडरों को जब्त कर भारत गैस एजेंसी के सुपुर्द किया गया है.

ये भी पढे़ं- कौन है पंकज गुप्ता? जिसने 2800 APP बनाकर पूरे देश में साइबर ठगों को बेचा, 150 करोड़ की हुई ठगी

इससे पहले भोपाल में भी करीब 2 महीने पहले घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत के बीच खाद्य विभाग ने एलपीजी की कालाबाजारी का बड़ा खेल पाया था. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घरेलू उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाले एलपीजी सिलेंडर छोटे व्यापारियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अधिक कीमत पर बेचे जा रहे थे.

ज़रूर पढ़ें