2 दिन, 28 पटवारी सस्पेंड, 137 को नोटिस! जानिए क्यों गुस्से में हैं सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल
सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल
सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीते 48 घंटों के भीतर जिले के 28 पटवारियों को निलंबित कर दिया है. इतना ही नहीं, कलेक्टर की तरफ से 137 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं. जिले में इस प्रशासनिक कार्रवाई को राजस्व विभाग के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. लेकिन आखिर कलेक्टर की तरफ से इतनी सख्त कार्रवाई क्यों की गई.
दरअसल, सागर जिले की अलग-अलग तहसीलों से लगातार सरकारी कामकाज में लापरवाही की शिकायतें सामने आ रही थीं. शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में उदासीनता के आरोपों के चलते यह कार्रवाई की गई है.
इन पटवारियों को किया निलंबित
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जिन पटवारियों को निलंबित किया है, उनमें सागर ग्रामीण तहसील की मीना खैरवार और लक्ष्मी जाटव, गढ़ाकोटा तहसील के अखिलेश दीक्षित, केसली तहसील के राजकुमार गौड़ और भूपेंद्र राज, खुरई तहसील के अजय श्रीवास्तव और गोविंद राय शामिल हैं.
इसके अलावा मालथौन तहसील के पुष्पेंद्र भदौरिया और महेंद्र अर्गल, बांदरी तहसील के योगेंद्र प्रताप, बंडा के दिलीप राजा और अभिषेक कोरी तथा रहली तहसील के ब्रजेंद्र रावत को भी निलंबित किया गया है. खासतौर पर स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन को लेकर सामने आई कथित उदासीनता के बाद कलेक्टर ने कार्रवाई का फैसला लिया.
दरअसल, सागर सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में पटवारी स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में की जा रही मुफ्त रजिस्ट्री की प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं. इस विरोध के चलते पटवारियों के अवकाश पर जाने की बात सामने आई है.
समय पर काम पूरा करने के निर्देश
हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ आम लोगों और किसानों तक समय पर पहुंचाना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है. प्रकरण लंबित रहने से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलने में देरी होती है. कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाना चाहिए.
राजस्व अमले में मची खलबली
कलेक्टर की इस कार्रवाई को प्रशासन की ओर से साफ और स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और कामकाज में उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. फिलहाल कलेक्टर प्रतिभा पाल की इस कार्रवाई ने जिले के राजस्व अमले में खलबली मचा दी है.
ये भी पढ़ें: MP News: कांग्रेस नेता दीपक बाबरिया का निधन, एमपी के प्रदेश प्रभारी रहे