एमपी में सख्‍ती के बाद भी भोपाल में चल रही थी नशीली कफ सिरप की फैक्ट्री, STF ने जब्त किया 1.5 करोड़ का कच्‍चा माल

Bhopal News: STF की टीम ने गुप्‍त सूचना मिलने पर पटेल नगर के मकान नंबर-66 पर अचानक छापा मारा. यह मकान साधना सिंह और जयदीप सिंह का बताया जा रहा है.
Raid on Factory Producing Narcotic Cough Syrup

नशीले कफ सिरप की फैक्ट्री पर छापा

Bhopal News: भारत सरकार एक तरफ ड्रग्स और अवैध नशीली दवाओं के निर्माण कार्य पर लगातार कार्रवाई कर रही है तो वहीं मध्‍य प्रदेश की राजधानी भोपाल ड्रग्स और अवैध नशीली दवाओं का बड़ा हब बनता जा रहा है. गुजरात पुलिस ने शहर में पकड़ी एमडी ड्रग्स की फै‍क्ट्री में कई बड़े खुलासे हुए हैं.

इस मामले में अब स्‍पेशल टास्‍क फोर्स (STF) ने भोपाल के पटेल नगर इलाके में एक और नेटवर्क को बेनकाब कर दिया है. STF की टीम ने गुप्‍त सूचना मिलने पर पटेल नगर के मकान नंबर-66 पर अचानक छापा मारा. यह मकान साधना सिंह और जयदीप सिंह का बताया जा रहा है.

STF ने 10 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा

STF की छापेमार कार्रवाई के दौरान घर को चारों तरफ से घेर लिया गया और वहां मौजूद 10 आरोपियों को टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. टीम को मौके से नशीली दवा, सिरप में उपयोग हाेने वाली कई केमिकल, उपकरण, खाली बोतलें और ‘OFF-KUFF’ नाम के प्रिंटेड रैपर मिले हैं. टीम की शुरूआती जांच में सामने आया कि इस सिरप की सप्‍लाई बड़े लेवल पर बिना किसी डाॅक्‍टर की सहम‍ति के सीधे नशेड़‍ियों और युवाओं को ऊंचे दामों पर की जा रही थी.

डेढ़ करोड़ का कच्‍चा माल जब्त

मामले की सूचना मिलने पर जांच टीम जैसे ही घर के अंदर पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई. घर के अंदर बेहद ही हाई-टेक तरीके से अवैध कफ सिरप बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी. इस अवैध फैक्ट्री में ‘OFF-KUFF’ नाम के रैपर लगाकर नशीली कफ सिरप की बोतलें पैक की जा रही थी. पुलिस ने मौके से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की कीमत से तैयार किया गया जखीरा और कच्‍चा माल जब्त किया है.

सख्‍ती के बाद भी लापरवाही आई सामने

अवैध नशीली कफ सिरप के इस खुलासे ने भोपाल पुलिस और स्‍थानीय खुफिया तंत्र की कार्यप्रणाली पर बेहद गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पिछले साल ही सितंबर-अक्टूबर के महीने में जहरीली कफ सिरप पीने से छिंदवाड़ा के पांढुर्णा और बेतूल जिले में 24 बच्‍चों की मौत हुई थी. इसके बाद से भी सरकार एक्शन मोड में आ गई थी और प्रदेश से कई नशीले कफ सिरप को बैन कर दिया था. इस सख्‍ती के बाद भी राजधानी के सबसे पॉश इलाके में करीब 1 साल से मौत का यहां खेल खुलेआम चलाया जा रहा था और इस बात की भनक पुलिस को तक नहीं लगी.

आरोपियों से पूछताछ कर रही STF

STF के अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से बंद कमरे में कड़ाई से पूछताछ चल रही है. पूछताछ में सबसे ज्यादा फोकस इस बात पर किया जा रहा है कि इन आरोपियों को नशीला कफ सिरप बनाने के लिए कच्‍चा माल और रॉ मटेरियल कहा से सप्‍लाई किया जा रहा था. आरोपियों से ये भी पता लगाया जाएगा कि अवैध नशीली कफ सिरप किन-किन जिलों में भेजी जा रही थी.

ये भी पढे़ं- भीषण गर्मी में पेड़ के नीचे लगाए जा रहे टीके… लाखों की बिल्डिंग बनी शो पीस, नई मुसीबतों को न्यौता दे रहा स्‍वास्‍थ्य महकमा

ज़रूर पढ़ें