राजगढ़ में TI की ‘गुंडागर्दी’! बिना वारंट महिला के घर में घुसे, बुजुर्ग से कहा- बुढ़ापे में जिंदगी खराब कर दूंगा
राजगढ़ में टीआई पर घर में घुसकर महिला को धमकाने का आरोप.
MP News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ में एक बार फिर खाकी पर दाग लगा है. यहां एक टीआई की हरकत ने पुलिस को शर्मसार कर दिया है. टीआई ने बिना वारंट महिला के घर में घुसकर ना केवल कानून के नियमों का उल्लंघन किया, बल्कि गुंडागर्दी करते दिखाई दिए हैं. महिला के घर में मौजूद एक बुजुर्ग को धमकाते हुए खाकीधारी ने कहा कि सही सो रहो नहीं तो बुढ़ापे में जीवन खराब कर देंगे. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसके बाद से लोग एक बार फिर से पुलिस की कार्यशैली की जमकर आलोचना कर रहे हैं.
‘मेरा पास वारंट नहीं है कोर्ट में लगा देना’
पूरा मामला राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर का है. यहां सिटी थाना प्रभारी टीआई वीरेंद्र धाकड़ पर आरोप है कि वह बिना वारंट और बिना किसी महिला पुलिसकर्मी के एक महिला के घर में घुस गए. इसके बाद घर में मौजूद सभी लोगों को धमकाना शुरू कर दिया है. महिला ने टीआई से कहा कि आप बिना वारंट इस तरह घर में नहीं आ सकते हैं. इस पर टीआई ने रौब दिखाते हुए कहा कि हां मेरे पास वारंट नहीं है. जाओ कोर्ट में लगा देना. इससे साफ पता चलता है कि टीआई साहब को ना तो नियमों की अनदेखी करने की कोई चिंता है और ना ही कानून का तोड़ने का कोई डर है.
‘FIR में नाम डाल दूंगा, बुढ़ाने में जीवन खराब कर दूंगा’
सिटी थाना प्रभारी टीआई वीरेंद्र धाकड़ का वायरल वीडियो 3-4 दिन पुराना बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक पैसों के लेनदेन को लेकर टीआई एक पक्ष के कहने पर महिला के घर में घुसे थे. इस दौरान महिला के घर में मौजूद एक बुजुर्ग से धमकाते हुए टीआई ने कहा कि सही से रहने नहीं तो एफआईआर में तुम्हारा नाम डाल दूंगा, बुढ़ापे में जीवन खराब हो जाएगा.
वहीं सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने खाकीधारी पर गुस्सा जाहिर किया है साथ ही आरोपी टीआई पर कार्रवाई की मांग की है.