कौन हैं पुनीत बदेका? 502 ग्राम का कैमरा बनाकर रचा कीर्तिमान, अंतरिक्ष से दिखेगी हर चाल, जानें खासियत
कौन हैं पुनीत बदेका? 502 ग्राम का कैमरा बनाकर रचा कीर्तिमान
Space Record From India: मध्य प्रदेश के उज्जैन के रहने वाले युवा इंजीनियर पुनीत बदेका ने स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अलग ही पहचान बनाई है. पुनीत ने 502 ग्राम का कैमरा मल्टीस्पेक्ट्रल इमेजिंग कैमरा MIRA तैयार किया है. जो वजन में बेहद कम और आकार में काकी छोटा है, जिसे आसानी से ले जाया जा सकता है. यह कैमरा विदेशी स्पेस कैमरों की तुलना में करीब 8 से 12 गुना हल्का है. इसका आकार पारंपरिक टेलीस्कोप से 3 से 4 गुना छोटा है और यह एक मोबाइल फोन से भी छोटा है. जानें खासियत.
पुनीत बदेका की डीपटेक स्टार्टअप ईओएन स्पेस लैब्स की टीम ने सिर्फ 502 ग्राम का मल्टीस्पेक्ट्रल इमेजिंग कैमरा तैयार किया है. जो अमेरिकी कंपनी SpaceX के Transporter-18 मिशन के जरिए लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) में पहुंच गया है. इसका इस्तेमाल सिर्फ फोटो खींचने तक ही सीमित नहीं रहेगा. बल्कि जमीन और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़ा वैज्ञानिक डेटा भी उपलब्ध कराएगा.
क्या है खासियत?
इसकी खासियत की बात करें, तो यह आर्किटेक्चर Single Piece of Glass पर आधारित है. जो 9.2 मीटर के ग्राउंड रिजोल्यूशन पर तस्वीरें लेने में सक्षम है. इसमें 9 मल्टीस्पेक्ट्रल बैंड हैं. इसके अलावा खेतों की नमी, फसल की सेहत, कीटों के प्रकोप और संभावित पैदावार का आकलन भी किए जाने की संभावना है. कैमरा करीब 500 किलोमीटर की ऊंचाई पर काम करेगा और लगभग तीन साल तक अंतरिक्ष में सक्रिय रहने की योजना है. इस कैमरे की तस्वीरें 10 अक्टूबर से मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ेंः ‘हमने शादी कर ली…’, उज्जैन में युवती के अपहरण के बाद सामने आया वीडियो, बोली- मैं अपनी मर्जी से गई थी
कौन हैं पुनीत बदेका?
पुनीत बदेका मध्य प्रदेश के उज्जैन के रहने वाले हैं. उन्होंने उज्जैन के ही MIT से B.Tech किया और बाद में इंदौर के SGSITS से Industrial Engineering and Management में मास्टर्स की पढ़ाई की. साल 2022 में उन्होंने दो लोगों के साथ मिलकर हैदराबाद में EoN Space Labs की शुरुआत की. अब उन्होंने 502 ग्राम का कैमरा बनाकर कीर्तिमान रच दिया है.