Kartik Purnima 2026 Date: इस साल कार्तिक पूर्णिमा कब है, जानें डेट-शुभ मुहूर्त और महत्व
गुरु नानक जयंती 2026
Kartik Purnima Date Muhurat: कार्तिक महीने की पूर्णिमा का दिन हिंदू और सिख दोनों धर्मों के लिए बहुत खास माना जाता है. सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु, श्री गुरु नानक देव जी का जन्म भी इसी दिन हुआ था. इसलिए हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर गुरु नानक जयंती यानी प्रकाश पर्व मनाया जाती है. इस अवसर पर देशभर के गुरुद्वारों में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं.
वहीं हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाने की परंपरा है. मान्यता है कि इस दिन देवी-देवता धरती पर उतरकर दीपावली मनाते हैं. इसी वजह से इसे देवताओं की दिवाली भी कहा जाता है. इस साल कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर 2026, मंगलवार को पड़ रही है. ऐसे में इसी दिन प्रकाश पर्व और देव दीपावली का उत्सव मनाया जाएगा.
कैसे मनाया जाता है प्रकाश पर्व?
गुरु नानक जयंती को गुरुपर्व और गुरुपूरब के नाम से भी जाना जाता है. इस दिन गुरुद्वारों में सुबह से ही धार्मिक कार्यक्रम शुरू हो जाते हैं. सबसे खास आयोजन गुरु ग्रंथ साहिब का 48 घंटे तक लगातार पाठ होता है. इसके अलावा श्रद्धालु भजन और शबद गाते हुए नगर कीर्तन निकालते हैं.
इस मौके पर गुरुद्वारों में बड़े स्तर पर लंगर का आयोजन भी किया जाता है. इसमें हर धर्म और समुदाय के लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं. यहां कसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाता.
कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान-दान का महत्व
- कार्तिक पूर्णिमा के दिन पवित्र नदी में स्नान और जरूरतमंदों को दान करने का भी विशेष महत्व है.
- मान्यता है कि इस दिन स्नान करने के बाद गरीबों और जरूरतमंदों को भोजन कराना चाहिए.
- इसके अलावा अपनी क्षमता के अनुसार कपड़े, धन और अन्य जरूरी चीजों का दान करना शुभ माना जाता है.
कार्तिक पूर्णिमा 2026 के शुभ मुहूर्त
- ब्रह्म मुहूर्त में स्नान: सुबह 5:03 बजे से 5:57 बजे तक.
- अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:51 बजे से दोपहर 12:34 बजे तक.
- देव दीपावली पर दीपदान: शाम 5:08 बजे से रात 7:47 बजे तक.



