केएल राहुल ने शतक जड़कर रचा इतिहास, SENA देशों में ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय ओपनर

KL Rahul Century: न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में केएल राहुल ने शतक जड़कर इतिहास रच दिया है. वह SENA देशों में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए हैं.
kl rahul

केएल राहुल

KL Rahul Century: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया के स्टार ओपनर केएल राहुल ने शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया है. राहुल ने कीवी टीम के खिलाफ इस मुकाबले में 207 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. सेंचुरी पूरी करने के साथ ही उन्होंने भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक नया सुनहरा अध्याय लिख दिया है. केएल राहुल SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए हैं.

केएल राहुल ने रचा इतिहास

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में शतक जड़ने के साथ ही भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने सभी SENA देशों में सेंचुरी जड़ने की अपनी लिस्ट पूरी कर ली है. राहुल अब साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए हैं. वहीं, इन चारों देशों में शतक जड़ने के मामले में ओवरऑल पांचवें भारतीय बन गए हैं.

राहुल से पहले मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ी ये कारनामा कर चुके हैं. इसी के साथ राहुल सभी SENA देशों में शतक जड़ने वाले दूसरे एशियाई ओपनर भी बन गए हैं. उनके पहले सिर्फ पाकिस्तान के सईद अनवर ने ये कारनामा किया था.

केएल राहुल ने बनाए 136 रन

वेलिंगटन टेस्ट की पहली पारी में केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 290 गेंदों में 136 रनों की शतकीय पारी खेली. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के जड़े. SENA देशों में केएल राहुल ने बतौर ओपनर अब तक कुल 51 इनिंग खेली हैं, जिसमें उन्होंने 38.8 के औसत से 1940 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 7 शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं. SENA देशों में एशियाई ओपनरों के बीच, केवल सुनील गावस्कर के नाम ही सबसे ज्यादा रन और शातक दर्ज हैं. उन्होंने यहां 2464 रन बनाए हैं, जिसमें 8 शतक शामिल हैं.

2021 से ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक

टेस्ट क्रिकेट में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल का बल्ला लगातार धमाल मचा रहा है. साल 2021 से अब तक बतौर ओपनर उन्होंने 7 शतक लगाए हैं. इस लिस्ट में उनके अलावा बेन डकेट, यशस्वी जायसवाल और दिमुथ करुणारत्ने का नाम भी शामिल हैं. ये सभी बल्लेबाज 7-7 शतकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं. वहीं, WTC 2025-27 के मौजूदा चक्र में राहुल अब तक चार शतक जड़ चुके हैं. इस मामले में वह टॉम लैथम और ट्रैविस हेड के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें