RR vs CSK: राजस्थान की गुलाबी जर्सी में भी चेन्नई के लिए धड़का ‘सर जडेजा’ का दिल, कैमरे में कैद हुआ भावुक पल
रवींद्र जडेजा
RR vs CSK: आईपीएल 2026 का तीसरा मुकाबला बीते दिन सोमवार को राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया. गुवाहाटी में खेले गए इस मैच में भले ही एकतरफा नतीजा देखने को मिला, लेकिन मैच के बाद एक ऐसा भावुक पल सामने आया, जिसने करोड़ों फैंस का दिल जीत लिया. यह पल था सर जडेजा यानी रवींद्र जडेजा का. जडेजा इस सीजन राजस्थान के लिए खेलते नजर आ रहे हैं, लेकिन उनका दिल अब भी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए धड़कता है.
कैमरे में कैद हुआ जडेजा का चेन्नई प्रेम
दरअसल गुवाहाटी में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हरा दिया. मैच के दौरान जहां राजस्थान के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला, वहीं मुकाबले के बाद जडेजा का अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी के लिए प्रेम भी देखने को मिला है. बता दें, मैच खत्म होने के बाद जडेजा अपने पुराने साथी खिलाड़ी खलील अहमद से बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने खलील की जर्सी पर बने सीएसके के लोगो को चूम लिया. यह पूरा वाकया कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
🚨RAVINDRA JADEJA KISS CSK LOGO🚨
— Sam (@Cricsam01) March 31, 2026
– Yesterday after match Jaddu kissed CSK logo on khaleel ahmad’s chest while having a conversation with khaleel. Jaddu still love and respect CSK🥺💛 pic.twitter.com/x4x3W1jKej
यह भी पढ़ें: PBKS vs GT Head to Head: पिछली बार दोनों टीमों ने बना दिए थे 475 रन, यहां जानें पंजाब और गुजरात के रिकॉर्ड
चेन्नई से पुराना नाट
भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी रवींद्र जडेजा, जिन्हें चेन्नई सुपर किंग्स में ‘सर जडेजा’ के नाम से जाना जाता है, 2012 से टीम के अहम खिलाड़ी रहे. आईपीएल 2023 का फाइनल उनके करियर का सबसे यादगार पल रहा, जब आखिरी दो गेंदों में 10 रन की जरूरत थी और जडेजा ने छक्का व चौका जड़कर टीम को जीत दिलाई. जीत के बाद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का उन्हें गोद में उठाना और उनकी आंखों में आंसू उस पल को और भी भावुक बना गया.
ट्रेड डील के चलते राजस्थान में हुए शामिल
धोनी और जडेजा के बीच खास बॉन्डिंग हमेशा चर्चा में रही,और ‘सर जडेजा’ का नाम भी धोनी ने ही मजाकिया अंदाज में दिया था, जो बाद में उनकी पहचान बन गया. 2018 से 2021 तक जडेजा चेन्नई सुपर किंग्स की रीढ़ साबित हुए.
हालांकि, 2026 से पहले सीएसके ने उन्हें रिटेन नहीं किया. 2025 के प्लेयर ट्रेड में फ्रेंचाईजी ने उन्हें संजू सैमसन से ट्रेड कर दिया, जिसके बाद जडेजा राजस्थान रॉयल्स में शामिल हो गए, जबकि संजू सैमसन चेन्नई का हिस्सा बने.