कौन हैं सोफी मोलिनेक्स, जो WPL 2027 ऑक्शन में हुई मालामाल, RCB से रहा पुराना नाता

Sophie Molineux: विमेंस प्रीमियर लीग 2027 के लिए यूपी वारियर्स ने सोफी मोलिनेक्सको 1 करोड़ 10 लाख रुपये में खरीद कर अपनी टीम में शामिल किया है.
sophie molineux

सोफी मोलिनेक्स

Sophie Molineux: ऑस्ट्रेलिया विमेंस क्रिकेट टीम की कप्तान सोफी मोलिनेक्स पर WPL 2027 ऑक्शन में पैसों की जबरदस्त बरसात हुई. विमेंस प्रीमियर लीग 2027 के लिए यूपी वारियर्स ने इस खिलाड़ी को 1 करोड़ 10 लाख रुपये में खरीद कर अपनी टीम में शामिल किया है. सोफी मिनी ऑक्शन में 50 लाख रुपये के बेस प्राइस के साथ उतरी थी. लेकिन, यूपी की टीम ने उनपर बड़ी बोली लगाकर उन्हें मालामाल कर दिया.

कौन हैं सोफी मोलिनेक्स?

सोफी मोलिनेक्स का पूरा नाम सोफी ग्रेस मोलिनेक्स है, उनका जन्म 17 जनवरी 1998 को ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य के बैंर्सडेल शहर में हुआ था. सोफी मूल रूप से लेफ्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिनर हैं.फिलहाल वह ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम की तीनों फॉर्मैट में कप्तान हैं. एलीसा हीली के संन्यास के बाद सोफी को तीनों फॉर्मैट कई कप्तानी सौंपी गई थी. अब विमेंस प्रीमियर लीग 2027 के लिए यूपी वारियर्स ने उन्हें 1 करोड़ 10 लाख रुपये खर्च कर अपने साथ जोड़ा है.

यह भी पढ़ें: कौन हैं वैष्णवी शर्मा? जिन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 5 विकेट लेकर रचा इतिहास

RCB से है पुराना नाता

ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर सोफी मोलिनेक्स का रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से पुराना नाता है. उन्होंने WPL 2024 के सीजन में आरसीबी को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी. उस सीजन सोफी ने 10 मैचों में 12 विकेट लिए थे. इसके अलावा फाइनल में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही ओवर में 3 बड़े विकेट झटके थे और अपनी टीम को चैंपियन बनाया था. WPL 2027 मिनी ऑक्शन में भी आरसीबी ने उनके लिए बोली लगाई थी, लेकिन अंत में यूपी वारियर्स ने बाजी मारते हुए उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया.

सोफी मोलिनेक्स WPL करियर

28 साल की सोफी मोलिनेक्स के विमेंस प्रीमियर लीग करियर कि बात करें, तो साल 2024 में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के लिए डेब्यू किया था. अपने डेब्यू सीजन में ही उन्होंने आरसीबी को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. सोफी ने महिला प्रीमियर लीग में अब तक 10 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 7 पारियों में उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए 78 रन बनाए. वहीं, 10 मैचों की 10 पारियों में उन्होंने 12 विकेट झटके.

ज़रूर पढ़ें