Bhopal: पुलिस की गिरफ्त में ‘बंटी-बबली’, प्लॉट के नाम पर करते थे फ्रॉड, 50 करोड़ का लगाया चूना
भोपाल फ्रॉड केस: आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार
Bhopal Crime News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ‘बंटी-बबली’ की जोड़ी को गिरफ्तार किया है. दोनों पर आरोप है कि प्लॉट बेचने के नाम पर 50 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है. आरोप पति संदीप ममतानी और पत्नी संगीता ममतानी दोनों दो साल से फरार चल रहे थे. आरोपियों के खिलाफ अयोध्या नगर पुलिस थाने में 4 मामले दर्ज हैं.
पत्नी भरोसा जीतती, पति ठगी करता था
दोनों बेहद शातिर आरोप हैं. पति-पत्नी मिलकर लोगों को ठगने का काम किया करते थे. पुलिस के मुताबिक पत्नी संगीता पहले ग्राहकों से संपर्क किया करती थी, फिर बातों में उलझा कर भरोसा जीतती थी. पति संदीप प्लॉट या मकान का सौदा तय किया करता था. प्लॉट दिलवाने के नाम पर लाखों रुपये एडवांस के तौर पर लिए जाते थे. खरीदारों से रकम मिलने के बाद उनका फोन उठाना बंद कर देते थे और संपर्क तोड़ देते थे. दोनों के खिलाफ मध्य प्रदेश के साथ-साथ पंजाब में भी मामले दर्ज हुए हैं.
2 करोड़ रुपये की ठगी की
आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ चूना भट्टी और क्राइम ब्रांच में भी मामले दर्ज हैं. वहीं, अयोध्या नगर पुलिस थाना क्षेत्र में 6 लोगों से करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. शिकायतकर्ता योगेश सूद ने बताया कि उन्होंने अयोध्या नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी. केवल भोपाल में ही दोनों पर आधा दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
दोनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है. जांच टीम पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित धोखाधड़ी में कितने लोग प्रभावित हुए हैं. अब तक कितनी रकम का लेन-देन हुआ है. इसके साथ ही पति-पत्नी से ये भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कैसे ये दोनों अपराध को अंजाम दिया करते थे.



