क्या UPI ID शेयर करने से खाली हो सकता है बैंक अकाउंट? जानें कब होता है फ्रॉड और किन बातों का रखें ध्यान
upi फ्रॉड से सावधान
UPI Fraud: जब भी हम UPI से किसी को पैसे भेजते हैं या पैसे मंगाते हैं, तो अपनी UPI ID शेयर करते हैं. कई लोगों को डर रहता है कि UPI ID किसी के पास पहुंचने से बैंक अकाउंट से पैसे निकाले जा सकते हैं. लेकिन ऐसा नहीं है. सिर्फ UPI ID, मोबाइल नंबर या QR कोड की जानकारी होने से कोई आपके खाते से पैसे नहीं निकाल सकता. UPI ID एक डिजिटल एड्रेस की तरह है, जिसका इस्तेमाल पैसे भेजने और प्राप्त करने के लिए होता है.
कैसे होता है फ्रॉड?
आपके बैंक अकाउंट से पैसा तभी कटता है, जब आप खुद किसी पेमेंट को मंजूरी देते हैं और UPI PIN दर्ज करते हैं. असली खतरा UPI ID शेयर करने में नहीं, बल्कि साइबर ठगों के झांसे में आने में है. ठग खुद को बैंक अधिकारी या कस्टमर केयर कर्मचारी बताकर आपसे संपर्क कर सकते हैं और पैसे भेजने के नाम पर पेमेंट रिक्वेस्ट यानी Collect Request भेज सकते हैं.
Collect Request से रहें सावधान
ऐसे मामलों में ठग आपसे कह सकते हैं कि पैसे प्राप्त करने, रिफंड लेने या कोई पेमेंट हासिल करने के लिए रिक्वेस्ट अप्रूव करें और UPI PIN डालें. लेकिन जैसे ही आप PIN डालकर रिक्वेस्ट को मंजूरी देते हैं, आपके खाते से पैसा कट सकता है. इसलिए किसी अनजान व्यक्ति की पेमेंट रिक्वेस्ट को बिना जांचे कभी अप्रूव न करें.
PIN और OTP कभी न बताएं
सबसे जरूरी बात यह है कि पैसे रिसीव करने के लिए UPI PIN या OTP की जरूरत नहीं होती. अगर कोई व्यक्ति पैसे भेजने के नाम पर PIN या OTP मांगता है, तो समझ जाएं कि कुछ गड़बड़ हो सकती है. UPI PIN, OTP, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ शेयर न करें. बैंक या पेमेंट ऐप के नाम पर ऐसी जानकारी मांगने वाले कॉल और मैसेज से सावधान रहें.
QR और लिंक पर रखें नजर
अनजान QR कोड और पेमेंट लिंक पर भी जल्दबाजी में क्लिक या पेमेंट न करें. किसी इनाम, रिफंड या पैसे मिलने के नाम पर अगर आपसे कोई रिक्वेस्ट अप्रूव करने को कहता है, तो पहले ध्यान से जांच लें कि पैसा आपके खाते में आ रहा है या खाते से जा रहा है. आसान भाषा में याद रखें कि UPI ID शेयर करना सुरक्षित है, लेकिन UPI PIN और OTP कभी शेयर न करें.