मुख्यमंत्री को कैसे पता 1.27 करोड़ हिंदुओं के कटे नाम? CM योगी के बयान पर अखिलेश ने पूछे सवाल
सीएम योगी और अखिलेश यादव
1.27 Crore Voter List Claim: उत्तर प्रदेश में वोटर लिस्ट से करीब 1.27 करोड़ हिंदुओं के मतदाता सूची से नाम कटने के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल पूछा है. उन्होंने कहा कि सीएम को कैसे पता कि ये सभी कटने वाले नाम हिंदुओं के ही हैं. इस दौरान अखिलेश यादव ने सीएम योगी के कथित बयान पर सवाल उठाया.
सीएम योगी के बयान का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने 30 अक्टूबर को 1.27 करोड़ हिंदुओं के नाम मतदाता सूची से हटने की बात कही. उनका यह बयान काफी सार्वजनिक है, जो सभी चैनलों के पास मौजूद होगा.
प्रदेश की जनता को डराने की कोशिशः अखिलेश
इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि अगर मान भी लिया जाए कि मतदाता सूची से इतने नाम गायब हैं, तो सीएम को कैसे पता कि ये सभी नाम हिंदुओं के ही हैं. इस दौरान अखिलेश यादव ने घुसपैठियों के मुद्दे को लेकर भी बात की है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को घुसपैठियों के नाम पर डराया गया और यह समाज में लोगों को बदनाम करने के लिए किया गया.
फॉर्म- 7 को लेकर क्या बोले अखिलेश?
अखिलेश यादव ने मतदाता सूची से 1.27 करोड़ लोगों के नाम कटने वाले मुद्दे के बाद फॉर्म-7 को लेकर भी बात की. अखिलेश यादव ने दावा किया कि फॉर्म-7 के माध्यम से समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने वोट काटने की कोशिशों को रोका. इस दौरान अखिलेश ने एक उदाहरण भी दिया कि जो दस्तखत करना नहीं जानते थे. उनके दस्तखत करवाकर फॉर्म-7 भरवाए जा रहे थे. ताकि पीडीए के लोगों का नाम काटा जा सके. लेकिन इस मामले को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पकड़ लिया.



