सब्जी बेचने से लेकर बीजेपी OBC मोर्चे की कमान तक…कौन हैं अमर पाल मौर्य? जिन पर नितिन नवीन ने जताया भरोसा
राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य को राष्ट्रीय OBC मोर्चे की कमान सौंपी गई है.
From Vegetable Seller To BJP Leader: भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार, 17 अगस्त को नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान कर दिया है. जिसमें 65 नेताओं को जगह मिली है. पार्टी ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य को राष्ट्रीय OBC मोर्चे की कमान सौंपी है. अमर पाल मौर्य का जीवन काफी संघर्षों से भरा रहा. वे सब्जी बेचने से लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक, बीजेपी के प्रदेश महामंत्री और राज्यसभा सांसद तक बनें. अब पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की जिम्मेदारी दी है. जानें कौन हैं अमर पाल मौर्य?
अमर पाल मौर्य का जन्म साल 1980 में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में हुआ. उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता जैन विश्वभारती संस्थान (मानित विश्वविद्यालय), लाडनूं, राजस्थान से पूरी की है. अमर पाल मौर्य का पूरा परिवार किसानी से जुड़ा रहा. किसान परिवार से आने वाले अमर पाल मौर्य खुद शुरुआती दौर में सब्जी बेचने का काम करते थे.
1993 में RSS थे जुड़े थे अमर पाल मौर्य
अमर पाल मौर्य 1993 में राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ (RSS) में मुख्य शिक्षक के तौर पर जुड़े थे. 1996 में RSS के मंडल कार्यवाह, 1997 में सह-खंड कार्यवाह, 2000-2006 दिल्ली एवं हरियाणा के जिला प्रचारक के पद पर काम किया. इसके बाद उन्होंने 2010 में गंगा आंदोलन में सक्रिय सहभागिता निभाई. साल 2011 से लेकर 2015 तक यूपी बीजेपी में प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रहे. 2016 से 2019 तक BJP प्रदेश मंत्री, 2018 से 2024 तक पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य, 2022 में ऊंचाहार से विधानसभा का टिकट मिला. इसके बाद 2019 से जून 2026 तक काशी एवं अवध क्षेत्र में दो कार्यकाल प्रदेश महामंत्री रहे.
ये भी पढ़ेंः नितिन नवीन की टीम में यूपी के 8 चेहरों को जगह, स्मृति ईरानी महामंत्री, इन मुस्लिम नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी
अमर पाल मौर्य अप्रैल 2024 में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे. इसके बाद उन्हें संचार और सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी समिति का सदस्य बनाया गया. वर्तमान में भी वे समिति के सदस्य हैं. इसके साथ ही अक्टूबर 2024 में उन्हें युवक कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति का सदस्य बनाया गया. अप्रैल 2025 में हिंदी सलाहकार समिति, विद्युत मंत्रालय के सदस्य बने. इसके बाद उन्हें फरवरी 2026 में भारत-पोलैंड संसदीय मैत्री समूह के सदस्य की जिम्मेदारी दी गई. अमर पाल मौर्य वर्तमान में इन सभी पदों का जिम्मा संभाल रहे हैं.