अखिलेश यादव ने खुद अपनी गाड़ी से आजम खान को एयरपोर्ट छोड़ा, समर्थकों को क्या मैसेज देना चाहते हैं?
अखिलेश यादव और आजम खान (फोटो सोर्स- ANI)
UP News: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी ने गुरुवार (26 नवंबर) को ‘पीडीए का प्रणपत्र’ नाम से घोषणापत्र जारी किया. इस कार्यक्रम में पार्टी के कई बड़े नेता शामिल हुए, इनमें आजम खान भी रहे. उनकी मौजूदगी चर्चा का केंद्र रही. अखिलेश यादव और आजम खान के गर्मजोशी से भरे रिश्ते से साफ हो गया है कि पार्टी उन्हें चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका देने जा रही है.
आजम खान को एयरपोर्ट छोड़ने गए अखिलेश
राजधानी लखनऊ में सपा ने घोषणापत्र जारी किया. इसके बाद रात्रिभोज में सभी समाजवादी नेता शामिल हुए. डिनर के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आजम खान को एयरपोर्ट तक अपनी गाड़ी से छोड़ा. इस कदम को इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि मौजूदा वक्त में शायद ही कोई पार्टी नेता है जिसे एयरपोर्ट तक छोड़ने के लिए खुद अखिलेश यादव जाएं. राजनीतिक विशेषज्ञों की माने तो इस तरह आजम खान को विशेष तरजीह देने के पीछे अखिलेश यादव ने साफ तौर से राजनीतिक संकेत दिया है कि वे पार्टी के लिए महत्व रखते हैं.
जेल से रिहा होने के बाद आजम और अखिलेश की ये पहली मुलाकात है. पॉलिटिकल एक्सपर्ट का मानना है कि आजम को इतनी राजनीतिक अहमियत देने के पीछे खास संदेश छिपा हुआ है. खास तौर से जबकि उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर और ओवैसी सक्रिय हैं.
भाषण के दौरान आजम हुए भावुक
घोषणापत्र कार्यक्रम में अखिलेश यादव से ठीक पहले आजम खान को बोलने का मौका दिया गया. उन्हें पर्याप्त समय भी दिया गया ताकि वे अपनी पूरी बात रख सकें. वे अपने भाषण के दौरान भावुक भी हो गए. अपना दर्द बयां करते हुए ज्यादतियों के बारे में बताया. इसके साथ ही उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी की राजनीतिक मंशा पर निशाना साधा. मुलायम सिंह यादव और उनके परिवार के साथ अपने 5 दशक लंबे रिश्ते को भी याद किया.
‘हिंदू-मुसलमान संघर्ष से तंग हो गए हैं’
मैनिफेस्टो कार्यक्रम में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि राज्य में कुछ लोगों का काम सरकार बनाना नहीं है बल्कि इस बात में दिलचस्पी है कि दूसरों का खेल कैसे बिगाड़ा जाए. उन्होंने आगे कहा कि हिंदू और मुसलमान संघर्ष से तंग आ गए हैं. आप कितनी ही बड़ी बातें करें और दावें करें लेकिन लोग सच्चाई जान गए हैं.



