4200 करोड़ खर्च, 20 दिन में ही 84 जगह धंसा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे, पंखा लगाकर सुखाने पर अखिलेश ने Video शेयर कर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का वीडियो शेयर कर सरकार पर कसा तंज
Fan Drying Lucknow Kanpur Expressway: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का हाल ही में उद्घाटन हुआ है. उद्घाटन के बाद ही ये सड़क सुर्खियों में आ गई. अभी उद्घाटन को सिर्फ 20 दिन ही हुए कि इससे पहले ही करीब 5 बार सड़क धंस गई. जिसकी मरम्मत कराई जा रही है. चौंकाने वाली बात है कि सड़क को सुखाने के लिए पंखों का सहारा लेना पड़ रहा है. सड़क को मरम्मत के बाद पंखों से सुखाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जिसे समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी शेयर किया और योगी सरकार पर निशाना साधा है.
अखिलेश यादव ने सड़क पर लगे पंखों का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “ये है भाजपाई तरक्की की नई हवा. कुछ दिनों पहले ही जिसका उद्घाटन हुआ हो. उस सड़क को मरम्मत की जरूरत पड़ गई और एक्सप्रेस स्पीड से मरम्मत को सुखाने के लिए पंखे का इस्तेमाल किया जा रहा है. ये भी हास्यास्पद है. 2-3 हफ्ते में ही जिस एक्सप्रेसवे का दम उखड़ने लगा है. उस पर चलने का जोखिम कौन उठाएगा?”
ये है भाजपाई तरक़्क़ी की नई हवा… कुछ दिनों पहले ही जिसका उद्घाटन हुआ हो उस सड़क को मरम्मत की ज़रूरत पड़ गई और एक्सप्रेस स्पीड से मरम्मत को सुखाने के लिए पंखे का इस्तेमाल किया जा रहा है ये भी हास्यास्पद है। 2-3 हफ़्ते में ही जिस एक्सप्रेसवे का दम उखड़ने लगा है उस पर चलने का जोखिम… pic.twitter.com/zfoydUzRAL
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 6, 2026
अखिलेश का सरकार पर तंज
उन्होंने आगे लिखा, “सवाल ये भी है कि ‘अटल प्रोग्रेस वे’ योजना में ही रहेगा या कभी बनेगा भी या कागजों में बनकर उसका ‘हिस्सा-बांट’ हो चुका है. भाजपा राज में हुआ हर निर्माण चलता कम है. धंसता, ढहता, गिरता ज्यादा है.” अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर कर भाजपा सरकार पर तंज कसा है.
ये भी पढ़ेंः इंचीटेप लेकर भारी बारिश में सड़कों पर उतरी UP पुलिस, ऊंचे DJ वाहनों पर लगा ब्रेक
13 जुलाई को हुआ था उद्घाटन
बता दें, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 13 जुलाई को हुआ था. जिसमें करीब 4,200 करोड़ रुपए खर्च हुए थे, लेकिन उद्घाटन के बाद ही सड़क का धंस जाना कई गंभीर सवाल खडे़ करता है. हालांकि, सड़क धंसने के तुरंत बाद ही मरम्मत का काम लगातार शुरू है. NHAI ने भी शिकायतों के बाद सड़क निर्माण एजेंसी PNC इंफोटेक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है.