‘कोई सैफई तो कोई मठ से आएगा’, कानपुर में गरजे आकाश आनंद, SP-कांग्रेस पर साधा निशाना

UP Election 2026: आकाश आनंद ने कहा कि चुनाव में वोट डालने से पहले जनता को सरकार के कामकाज का आकलन करना चाहिए. कई दलों के नेता जनता को गुमराह करने आएंगे. कोई गुजरात से आएगा, तो कोई मठ से तो कोई सैफई से आएगा, लेकिन हम इसी प्रदेश के लोग हैं और जनता के बीच रहकर उनकी बात करते हैं.
Aakash Anand

आकाश आनंद (File Photo)

Aakash Anand in Kanpur: यूपी चुनाव की तैयारियां सभी दलों ने शुरू कर दी है. आज रविवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने भी कानपुर में जनसभा आयोजित की. इस दौरान उन्होंने भाजपा, सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा, यूपी में कई दलों के नेता जनता को गुमराह करने आएंगे. कोई गुजरात से आएगा, तो कोई मठ से तो कोई सैफई से आएगा, लेकिन हम इसी प्रदेश के लोग हैं और जनता के बीच रहकर उनकी बात करते हैं. पढ़ें आकाश आनंद ने क्या-कुछ कहा?

आकाश आनंद जब कानपुर पहुंचे तो बिल्हौर प्रभारी अवधेश कोरी ने उनका स्वागत 101 किलोग्राम फूलों के साथ किया. इस दौरान आकाश आनंद ने अवधेश कोरी को प्रत्याशी बनाने का ऐलान किया. वहीं, आलोक सविता ने सोने से जड़ी पगड़ी पहनाई और तीन पदाधिकारियों ने चांदी के मुकुट पहनाकर स्वागत किया. इसके बाद आकाश आनंद ने जनसभा को संबोधित किया.

मायावती का किया जिक्र

आकाश आनंद ने कहा कि चुनाव में वोट डालने से पहले जनता को सरकार के कामकाज का आकलन करना चाहिए. इस दौरान आकाश आनंद ने बसपा प्रमुख मायावती का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा इस बात का प्रमाण है कि मजदूर की बेटी भी लखनऊ की सत्ता तक पहुंच सकती है.

रोजगार की तलाश में 2 करोड़ युवा

इस दौरान आकाश ने प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में 2 करोड़ से ज्यादा युवा रोजगार की तलाश में हैं. भर्ती की आस में उनकी उम्र निकली जा रही है. सरकार को अपने पैरों पर खड़ा युवा नहीं चाहिए, बल्कि राशन की लाइनों में खड़ा युवा चाहिए. जनता कहती है कि काम का तो पता नहीं, लेकिन विज्ञापन बहुत देखे हैं. सरकार के पास सरकारी पदों को भरने के लिए पैसे नहीं हैं, लेकिन उनके पास विज्ञापनों पर खर्च करने के लिए 7 हजार करोड़ रुपए हैं.

कांग्रेस-सपा पर भी साधा निशाना

आकाश आनंद सत्ता पक्ष के साथ ही विपक्ष के दलों पर निशाना साधा. उन्होंने सपा और कांग्रेस को लेकर कहा कि लोकसभा चुनाव में उन्होंने संविधान की किताब दिखाकर जनता से वोट लिया, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी काम का जवाब नहीं दे पा रहे हैं. इतना ही नहीं, इस दौरान आकाश आनंद ने सपा को भाजपा की B टीम बताया.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें