PM Modi G7 Summit: पीएम मोदी ने उठाया भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा, ट्रंप के सामने भरोसे को लेकर दिया बड़ा संदेश
जी7 शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी ने उठाया भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा
G7 Summit Diplomatic Message: फ्रांस में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने वैश्विक नेताओं के सामने भरोसे, शांति और समुद्री सुरक्षा को लेकर बड़ा संदेश दिया. पीएम मोदी ने जहाज पर हुए हमले में मारे गए 3 भारतीय नागरिकों की मौत को लेकर भी बात की और कहा कि नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी देशों की साझा जिम्मेदारी है. ताकि नाविक बिना किसी डर और खतरे के अपना काम कर सकें.
पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में कहा कि आज दुनिया संसाधनों की कमी से नहीं, बल्कि भरोसे की कमी से जूझ रही है. इस दौरान पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति प्रयासों में हुई प्रगति का स्वागत किया और कहा कि इस संघर्ष की वजह से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा. कई देशों में भारी जान-माल का नुकसान हुआ.
होर्मुज से अंतरराष्ट्रीय व्यापार नकारात्मक प्रभाव पड़ाः PM
पीएम मोदी ने शिखर सम्मेलन में कहा, आज की परस्पर जुड़ी दुनिया में भरोसा सबसे महत्वपूर्ण आधार है. बिना भरोसे के मजबूत और टिकाऊ वैश्विक साझेदारी संभव नहीं है. इस दौरान पीएम मोदी ने होर्मुज का जिक्र करते हुए कहा इससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है. भारत के विकास को लेकर उन्होंने कहा कि भारत सतत, समावेशी और संतुलित वैश्विक विकास को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहा है.
ये भी पढ़ेंः 16 महीने बाद फ्रांस में हुई पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात, बुधवार को हो सकती है ट्रेड डील पर बात
16 महीने बाद एक ही मंच पर मोदी-ट्रंप
पीएम मोदी का यह संदेश ऐसे समय में आया है जब दुनिया कई आर्थिक और भू-राजनीतिक चुनौतियों से जूझ रही है. जी7 सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति तथा अबू धाबी के शासक शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से व्यापार, निवेश, ऊर्जा को लेकर काफी देर तक बातचीत की. 16 महीने बाद एक बार फिर पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक मंच पर मौजूद रहे.