सलमान खान के सपोर्ट के बाद पावर में दिखे राजपाल यादव, बोले- अब मैं बहुत खुश हूं
राजपाल यादव
Rajpal Yadav: राजपाल यादव के लिए यह साल उतार-चढ़ाव भरा रहा. 9 करोड़ रुपये के कर्ज के मामले में जेल जाने के बावजूद उन्हें फिल्म इंडस्ट्री का पूरा समर्थन मिला. जेल से आने के बाद उन्हें कई नई फिल्मों के ऑफर मिले. हाल ही में एक अवॉर्ड शो के दौरान जब उनका मजाक उड़ाया गया और वह वीडियो वायरल हुआ, तो सलमान खान ने उनके समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर उनका साथ दिया.
सलमान खान को क्या बोले राजपाल यादव?
सलमान खान का समर्थन पाकर राजपाल यादव बेहद खुश नजर आए और उन्होंने इसके लिए सलमान का शुक्रिया अदा किया.
हाल ही में मुंबई में देखे जाने पर उन्होंने अपनी खुशी जाहिर की और पैपराजी से बात करते हुए कहा कि वह सबका आशीर्वाद साथ होने की वजह से अब बहुत खुश हैं.
फैंस ने प्रतिक्रियाएं दीं
राजपाल यादव की खुशी देखकर फैंस ने भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं. एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा कि फिल्म इंडस्ट्री में आज भी सच्ची दोस्ती देखने को मिल रही है. वहीं दूसरे यूजर ने सलमान खान को ‘सबका भाई सबका जान’ बताया. एक दूसरे प्रशंसक ने लिखा कि अब किसी की इतनी हिम्मत नहीं होगी कि राजपाल यादव का मजाक उड़ा सके. कई लोगों ने सलमान खान के इस कदम की सराहना की और कहा कि उनके इसी व्यवहार की वजह से वे उनके फैन हैं. एक यूजर ने तो यहां तक लिख दिया कि भाईजान ने एक पोस्ट से पूरा सिस्टम हिला दिया.
राजपाल यादव का क्या विवाद था?
दरअसल, राजपाल यादव पिछले दिनों एक अवॉर्ड शो (Screen Awards 2026) में पहुंचे थे, जहां उनके कर्ज को लेकर मजाक बनाया गया. हालांकि राजपाल ने इस बात को हंसी-मजाक में टाल दिया, लेकिन सलमान खान को यह बात पसंद नहीं आई और उन्होंने नाराजगी जाहिर की. सलमान ने अपने ऑफिशियल एक्स (X) अकाउंट पर लिखा, “राजपाल भाई आप 30 सालों से फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं और हम सबने आपको बार-बार कास्ट किया है क्योंकि हम आपके काम और उसकी वैल्यू को जानते हैं.मुझे पता है कि आप अपना काम पूरी लगन के साथ करते हैं.” सलमान ने आगे भरोसा दिलाते हुए लिखा कि उन्हें भविष्य में भी बहुत काम मिलेगा और वह भी इसी डॉलर रेट पर मिलता रहेगा.