बिहार चुनाव के पहले महिलाओं के बजाय पुरुषों के खाते में डाल दिए 10-10 हजार! अब नोटिस भेजकर मांग रहे वापस

CM Mahila Rojgar Yojana: RJD ने आरोप लगाया है कि एनडीए सरकार की जल्दबाजी के कारण बड़ी गड़बड़ी हो गई और महिलाओं की जगह पुरुषों के खातों में यह राशि ट्रांसफर कर दी गई.
CM Mahila Rojgar Yojana

बिहार सीएम महिला रोजगार योजना

CM Mahila Rojgar Yojana: बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार सरकार द्वारा शुरू की गई महिला रोजगार योजना अब राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गई है. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी गई थी. लेकिन विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने आरोप लगाया है कि एनडीए सरकार की जल्दबाजी के कारण बड़ी गड़बड़ी हो गई और महिलाओं की जगह पुरुषों के खातों में यह राशि ट्रांसफर कर दी गई.

चुनावी फायदे के लिए बिना जांच के लागू की योजना – राजद

राजद का दावा है कि चुनावी फायदे के लिए सरकार ने बिना पूरी जांच के योजना लागू कर दी, जिससे यह तकनीकी चूक सामने आई. पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने की हड़बड़ी में एनडीए नेताओं और अधिकारियों ने भारी लापरवाही की और महिलाओं के बजाय पुरुषों के खातों में 10 हजार रुपये भेज दिए गए. साथ ही यह भी कहा गया कि अब सरकार उन लोगों से यह राशि वापस मांग रही है.

राजद ने सरकार पर साधा निशाना

राजद ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन पुरुषों के खातों में पैसे आए, उनसे अब पत्र लिखकर राशि लौटाने को कहा जा रहा है. पार्टी का कहना है कि बिहार में महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और भुखमरी जैसी समस्याएं इतनी गंभीर हैं कि यह रकम मिलते ही खर्च हो गई होगी, ऐसे में अब यह पैसा वापस मिलना मुश्किल है. राजद ने यह भी आरोप लगाया कि जब तक लोगों को उनका वोट वापस नहीं मिलेगा, तब तक वे राशि लौटाने के लिए तैयार नहीं होंगे.

इस पूरे मामले में RJD ने एनडीए पर वोट खरीदी, धांधली और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग जैसे आरोप भी लगाए हैं और कहा है कि सच्चाई चाहे जितनी छिपाई जाए, वह एक दिन सामने जरूर आएगी.

प्रशासन ने मामले में दी सफाई

वहीं प्रशासन की ओर से सफाई देते हुए बताया गया है कि मामले की जांच के बाद जीविका के बीपीएम देवदत्त द्वारा 15 संबंधित खाताधारकों को पत्र भेजे गए हैं और उनसे राशि जीविका के आधिकारिक बैंक खाते में वापस जमा करने को कहा गया है. अधिकारियों के अनुसार, दिव्यांग जीविका समूह में महिला और पुरुष दोनों सदस्य शामिल हैं और कुछ मामलों में बैंक खाता विवरण एक ही कॉलम में दर्ज होने के कारण यह तकनीकी त्रुटि हुई. इसी वजह से पात्र महिलाओं की राशि पुरुष दिव्यांग सदस्यों के खातों में चली गई. बताया गया है कि एक व्यक्ति ने राशि वापस भी कर दी है, जबकि बाकी से 10 हजार रुपये की वसूली की प्रक्रिया जारी है.

ये भी पढ़ें- BJP के पास बड़े-बड़े धुरंधर, फिर नितिन नबीन ही क्यों? नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के सामने चुनौतियों का पहाड़!

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें