‘नीट- CBSE और महंगाई…’, INDIA महागठबंधन में किन मुद्दों को लेकर हुई चर्चा? कब होगी अगली बैठक
इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल हुए कई नेता
INDIA Bloc Meeting Delhi: नई दिल्ली में सोमवार को INDIA गठबंधन के नेताओं की अहम बैठक हुई, जिसमें विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार के खिलाफ साझा रणनीति बनाने पर जोर दिया. संविधान क्लब में हुई इस बैठक में कई दलों के वरिष्ठ नेता शामिल हुए. जिसमें हाल के राजनीतिक घटनाक्रम, चुनावी मुद्दों और छात्रों से जुड़े विवादों को लेकर लंबी चर्चा हुई. हालांकि इस बैठक से कई राजनीतिक दलों ने दूरी भी बनाई जो एक समय पर साथ हुआ करते थे.
बैठक के बाद गठबंधन ने पांच प्रमुख मुद्दों पर एकजुट रुख अपनाने का फैसला किया. सबसे बड़ा मुद्दा मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) को लेकर रहा है. विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं. इस मामले को लेकर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को संयुक्त पत्र भेजने का निर्णय लिया गया.
किन-किन मुद्दों को लेकर हुई बातचीत
बैठक में NEET परीक्षा और CBSE से जुड़े हालिया विवाद भी प्रमुखता से उठाया गया. विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं. छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, इसी मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को और तेज करने पर सहमति बनी है. आने वाले दिनों में इसको लेकर इंडिया गठबंधन विरोध प्रदर्शन कर सकता है.
सरकार को घेरने की हो रही तैयारी
आर्थिक मुद्दों पर भी विपक्ष ने सरकार को घेरने की तैयारी की है. बढ़ती महंगाई, LPG सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी, बेरोजगारी और आम लोगों पर पड़ रहे आर्थिक दबाव को संसद से लेकर सड़क तक उठाने की रणनीति बनाई गई. विपक्षी नेताओं का कहना है कि महंगाई और रोजगार का संकट देश के बड़े मुद्दे हैं, जिन्हें केंद्र सरकार नजरअंदाज कर रही है.
अगस्त महीने में होगी अगली बैठक
बैठक में यह भी तय हुआ कि विपक्षी दल संसद के आगामी सत्र में समन्वित तरीके से सरकार को घेरेंगे. विभिन्न दलों के बीच बेहतर तालमेल बनाने और साझा अभियान चलाने के लिए नियमित बैठकों का कार्यक्रम तैयार किया गया. गठबंधन के नेताओं ने हर दो महीने में बैठक करने पर भी सहमति जताई है. अगली बैठक 8 अगस्त को आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैठक में दावा किया कि विपक्ष लोकतांत्रिक संस्थाओं, चुनावी प्रक्रिया और संवैधानिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट है. वहीं राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने छात्रों, युवाओं और आर्थिक मोर्चे के सवालों को आगे बढ़ाने की बात कही है.
ये भी पढ़ें: विधायकों के बाद अब ममता का साथ छोड़ेंगे 20 सांसद, टूटने की कगार पर TMC! भूपेंद्र यादव के घर सुवेंदु से मुलाकात