राजस्थान में ट्रेन को बम से उड़ाने की साजिश नाकाम, ट्रैक पर जोरदार ब्लास्ट, पाकिस्तान कनेक्शन की आशंका
राजस्थान में ट्रेन को बम से उड़ाने की साजिश नाकाम
Railway Track Blast: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका हो गया है. यहां ट्रेन को बम से उड़ाने की साजिश रची गई. गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. ट्रेन के गुजरने के करीब 45 मिनट बाद जोरदार धमाका हुआ. जिसकी आवाज कई मीटर तक सुनाई दी. पैसेंजर ट्रेन को उड़ाने की बड़ी देशविरोधी साजिश के रूप में देखा जा रहा है. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका किसने और किस उद्देश्य से करने का प्रयास किया. फिलहाल, जांच जारी है.
जानकारी के अनुसार, यह हादसा श्रीगंगानगर जिले में रेलवे लाइन पर हुआ है. जहां अनूपगढ़-सूरतगढ़ ट्रैक पर धमाका हुआ. धमाके से पहले ही एक पैसेंजर ट्रेन निकली थी. इस भीषण विस्फोट ने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं. अब इस धमाके के बाद एक और सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या यह पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों की कोई सोची-समझी साजिश थी? या फिर कुछ और? सभी पहलुओं से जांच-पड़ताल की जा रही है.
धमाके की वजह से 4 ट्रेनें कैंसिल
रेलवे ट्रैक पर हुए इस जोरदार धमाके के बाद बुधवार को रूट की 4 ट्रेन कैंसिल कर दी गई हैं. ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके. मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने देखा तो पता चला कि पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो ब्लॉक पूरी तरह से टूट गए हैं. पटरियों के बीच 2 फीट गहरा गड्ढा हो गया. जो वहां से गुजरने वाली ट्रेन के लिए काफी खतरनाक है.
ये भी पढे़ंः SC के ‘यात्रा मत करो’ वाले बयान पर भड़के CJP के सौरभ दास, बोले- सिस्टम ने हमें कॉकरोच बना दिया
मौके पर कई जांच एजेंसियां
फिलहाल, धमाके की सूचना पाकर मौके पर एटीएस और एफएसएल की टीमें पहुंच गई हैं. मौके पर बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया है. हालांकि, अभी तक धमाके के पीछे के आरोपियों व मकसद का खुलासा नहीं हो पाया है. रेलवे अधिकारी अभी भी जुटे हुए हैं, ताकि यातायात को सामान्य किया जा सके.



