बुरहानपुर: लाखों में बिका चाय की चुस्‍की और ड्राई फ्रूटस का शौकीन बकरा, खरीदने वालों की लगी होड़

बकरीद को लेकर बुरहानपुर के बकरा बाजार में लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है. यहां पर बिकने आए चाय पीने वाले बकरे की बोली लाखों में लगाई गई है.
burhanpur bakrid

चाय की चुस्‍की वाला बकरा

मध्य प्रदेश में बकरीद को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी है. 28 मई को बकरीद मनाई जाएगी. इसी के चलते बुरहानपुर के बकराबाजार में लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है. बाजार में ऊंची-ऊंची कीमतों पर लोग जमकर बकरे खरीद रहे हैं. यहां पर केवल मध्य प्रदेश से ही नहीं बल्कि महाराष्ट्र और गुजरात से भी लोग बकरा खरीदने आ रहे हैं. इसी बीच बुरहानपुर के बाजार में आया चाय पीने वाला बकरा सुर्खियों में बना हुआ है.

इस अनोखे बकरे के बोली

इस अनोखे बकरे के बोली 1 लाख 11 हजार रुपये तक लगी है. इस बकरे को बुरहानपुर के एक खरीददार ने ही खरीदा है. बुरहानपुर के अफजल उर्फ अज्जा भाई का एक बकरा सबसे ज्यादा चर्चा में है. क्योंकि यह बकरा करीब एक क्विंटल वजनी है. लेकिन यह अपने वजन के साथ-साथ अनोखे खान पान के लिए भी जाना जाता है.

शाही जीवन जीता है बकरा

पशुपालक ने बताया कि ये बकरा शाही जीवन जीता है. इसे नियमित रूप से मक्का, गेहूं, बाजरा, हरा चारा और ड्राई फ्रूट खिलाए जाते थे. इसके अलावा ये दिन में तीन बार चाय भी पीता है. इस वजह से बकरा लोगों के बीच चाय पीने वाले बकरे की वजह से मशहूर हो चुका है. बकरीद से पहले अफजल ने बताया कि उन्होंने कुल चार देसी बकरे तैयार किए थे. इनमें सबसे महंगा बकरा 1.11 लाख रुपये में बिका.

अफजल के अन्य दो बकरे 80-80 हजार की कीमत में बिके हैं. बुरहानपुर में खास तौर पर हैदराबादी और तोतापरी नस्ल के बकरों की मांग बढ़ी हुई है. स्थानीय व्यापारियों के मुताबिक बुरहानपुर के देसी बकरों की गुणवत्ता और मजबूत कद-काठी के कारण अन्य जिलों और राज्यों में भी इनकी अच्छी मांग रहती है.

ये भी पढ़ें: Ujjain: उज्जैन में 7 साल का वंश बना बाल आरक्षक, एसपी ने सौंपा नियुक्ति पत्र

ज़रूर पढ़ें