5000 से ज्यादा पेट्रोल और 10000 रुपये से अधिक डीजल देने पर बताना होगा कारण, जवाब ना देने पर बंद होगा पंप नोजल
पेट्रोल-डीजल
MP News: पेट्रोल और डीजल की बढ़ती मांग के बीच पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि तय सीमा से ज्यादा तेल दिया तो कार्रवाई की जाएगी. तेल कंपनियों द्वारा जो लिमिट तय की गई है, उसमें 5000 रुपये का पेट्रोल और 10 हजार रुपये का डीजल है. इसके साथ ही कहा गया है कि इससे ज्यादा डीजल-पेट्रोल देने पर पंप का नोजल ही बंद कर दिया जाएगा.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, भोपाल में गुरुवार (21 मई) को तेल कंपनियों के प्रतिनिधि, पंप संचालक और खाद्य विभाग की संयुक्त बैठक हुई. इस मीटिंग में संचालकों ने कहा कि वे ग्राहकों की मांग के अनुरूप उन्हें डीजल-पेट्रोल नहीं दे पा रहे हैं. तेल कंपनियों ने सीमा तय कर दी है. पेट्रोल पंप संचालक एसोसिएशन ने दावा किया है कि उन्हें पर्याप्त मात्रा में तेल नहीं मिल रहा है. वहीं कंपनियों का कहना है कि नियमित सप्लाई की जा रही है.
कंपनी को कारण बताना होगा
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि तेल कंपनियों ने उन्हें हिदायत दी है कि 5000 रुपये से ज्यादा पेट्रोल और 10 हजार रुपये से अधिक डीजल ग्राहकों को ना दें. इससे ज्यादा पेट्रोल-डीजल देने पर कंपनी को बताना पड़ेगा कि किसे और क्यों सप्लाई की गई? संतोषजनक जवाब ना मिलने पर पंप नोजल बंद करने की कार्रवाई की जा सकती है.
ये भी पढ़ें: भोजशाला पर फैसले के बाद पहला शुक्रवार आज, महाआरती की जाएगी, मुस्लिम पक्ष सुप्रीम कोर्ट पहुंचा
उपभोक्ता अफवाह से ना घबराएं
आंकड़ों की बात करें तो जिले में इंडियन ऑइल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम समेत अन्य कंपनियां मिलकर शहर में 192 पेट्रोल पंप संचालित किए जा रहे हैं. पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को लेकर कंपनियों को कहना है कि कोई शॉर्टेज नहीं है. उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है.