MP में बारिश के बाद बढ़ी ठिठुरन, शाजापुर में पारा 8.7 डिग्री पहुंचा, रीवा-सतना समेत 13 जिलों के लिए यलो अलर्ट
मध्य प्रदेश के13 जिलों में बारिश का अलर्ट (सोर्स- ani)
MP Weather Update: चक्रवात ‘अकवान’ का असर मध्य प्रदेश में दिखाई दे रहा है. राज्य के पूर्वी हिस्से में शनिवार (21 नवंबर) को कई जिलों में बारिश दर्ज की गई. कटनी में तेज बारिश की वजह से ठंड बढ़ गई. कोहरे के असर से रेल यातायात पर असर दिखाई दिया. ट्रेनों के संचालन में 7 घंटे से लेकर 15 घंटे तक की देरी देखने को मिली. मैहर में मौसम ने अचानक करवट ली और बारिश हुई. इससे एक और ठंड में इजाफा हुआ तो वहीं किसानों को फसलों के खराब होने का डर सताने लगा है.
उमरिया में मुसीबत बना अधूरा निर्माण
उमरिया-शहडोल के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. मोर्चा रेलवे फाटक के पास अधूरी और जर्जर सड़क के कारण भीषण जाम की स्थिति निर्मित हो गई है. शुक्रवार (20 नवंबर) रात लगभग 11 बजे से लगा जाम अगले दिन (शनिवार) शाम 4 बजे तक भी नहीं खुल सका. बारिश के कारण यहां चारों ओर कीचड़ हो गई.
अमरकंटक में सबसे ज्यादा बारिश हुई
मध्य प्रदेश की सबसे ज्यादा बारिश अनूपपुर जिले के अमरकंटक में 26.2 मिमी हुई. वहीं, करांजिया में 17 मिमी, बजाग में 12 मिमी, जैतहरी में 10 मिमी और बुढ़ार में 9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं, शहडोल संभाग, सिंगरौली, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट जिलों में तेज गरज-चमक के साथ बारिश हुई.
गिरवर सबसे ठंडा स्थान रहा
- एमपी का सबसे ठंडा स्थान शाजापुर जिले का गिरवर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रहा.
- बैतूल में 9.2, नीमच जिले की मरुखेड़ा, भोपाल और छतरपुर जिले के नौगांव में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री मापा गया.
- रायसेन में 10.6 डिग्री और धार में 10.9 डिग्री सेल्सियस टेम्पेरेचर दर्ज किया गया.
आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा?
- मौसम विभाग के अनुसार सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, सिवनी, मंडला, बालाघाट और मैहर जिलों में बारिश हो सकती है. यलो अलर्ट जारी किया गया है.
- प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा.
- अगले दो दिनों में तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, इसके बाद गिरावट दर्ज की जाएगी.



