MP News: मुरैना जिला अस्पताल में बवाल, निजी एम्बुलेंस चालकों ने सिविल सर्जन पर लगाए गंभीर आरोप, CMHO से लगाई न्याय की गुहार
निजी एम्बुलेंस चालक
रिपोर्ट – मनोज शर्मा
MP News: मुरैना जिला अस्पताल में निजी एम्बुलेंस संचालकों और अस्पताल प्रशासन के बीच विवाद गहराता नजर आ रहा है. निजी एम्बुलेंस चालकों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपकर जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. गजेन्द्र सिंह तोमर पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
एम्बुलेंस चालकों ने लगाया आरोप
शिकायत पत्र में एम्बुलेंस चालकों ने आरोप लगाया है कि उन्हें वर्षों से निजी एम्बुलेंस संचालन का कार्य करने के बावजूद अस्पताल परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है. उनका कहना है कि यदि वे किसी मरीज या अपने परिचित से मिलने अस्पताल पहुंचते हैं तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है तथा गाली-गलौज कर परिसर से बाहर निकाल दिया जाता है.
अस्पताल परिसर में प्रवेश से रोके जाने का आरोप
चालकों का आरोप है कि जब कोई मरीज अपनी इच्छा से उनकी एम्बुलेंस से अस्पताल आता या जाता है, तब भी उन्हें अस्पताल परिसर में प्रवेश से रोका जाता है. इतना ही नहीं, विरोध करने पर पुलिस कार्रवाई की धमकी देकर परेशान किया जाता है.
शिकायतकर्ताओं ने पत्र में लिखा है कि एम्बुलेंस संचालन ही उनके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र साधन है. ऐसे में अस्पताल प्रशासन की कथित कार्रवाई से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार मरीजों को ले जाने या लाने के दौरान भी उन्हें बेवजह प्रताड़ित किया गया.
पुलिस अधीक्षक से की निष्पक्ष न्याय की मांग
निजी एम्बुलेंस संचालकों ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है, ताकि वे अपने परिवार का पालन-पोषण सुचारू रूप से कर सकें. अब इस शिकायत के सामने आने के बाद जिला अस्पताल प्रशासन और निजी एम्बुलेंस संचालकों के बीच चल रहे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है. मामले में अस्पताल प्रशासन का पक्ष सामने आना अभी बाकी है.
ये भी पढे़ं- मुरैना: सिविल सर्जन की प्रताड़ना से तंग आकर डॉक्टर ने लिखा आत्महत्या का पत्र, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप