Gwalior News: डबरा के सराफा बाजार ATM से निकाला 4 राज्यों का साइबर ठगी का पैसा, क्रिप्टो में करते थे कन्वर्ट, 2 गिरफ्तार
cyber crime
Gwalior News: साइबर ठगी की रकम की हेराफेरी करने वाले डबरा के दो आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में हुई साइबर ठगी की रकम डबरा के सराफा बाजार स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ATM से कई बार निकाली.
दोनों आरोपी कैमरे में नजर आए
ऑपरेशन क्यू-ATM के तहत जब Q-ATM सर्वर में सुरक्षित CCTV फुटेज की जांच की गई तो दोनों आरोपी कैमरे में नजर आए. इसके बाद खातों की जांच में पता चला कि इनके खातों में 10 से अधिक बार ठगी की रकम आई थी. इसी आधार पर खाता चिह्नित कर शुक्रवार रात पुलिस ने इन्हें घेरकर पकड़ लिया.
पूछताछ में स्वीकार किया आरोप
पकड़े गए आरोपियों में गौरव पुत्र मोहर सिंह रावत निवासी रावकला, थाना बड़ौनी, जिला दतिया और रमन पुत्र ब्रजमोहन रावत निवासी गौतम विहार, गल्ला मंडी गेट के सामने, डबरा देहात शामिल हैं. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि ठगी का पैसा निकालकर उसे क्रिप्टो करेंसी में कन्वर्ट करते थे. पुलिस ने इन पर FIR दर्ज कर ली है. ऑपरेशन Q-ATM के तहत इस तरह की यह तीसरी FIR है.
ये भी पढ़ें: रायपुर कमिश्नरेट का बढ़ेगा दायरा, शहर से लगे छह थाने शामिल करने का प्रस्ताव