MP News: ग्वालियर के तिघरा डैम में डूबे GRMC कॉलेज के दो MBBS छात्र, एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी
MBBS छात्र गोपाल अग्रवाल और आयुष श्रीवास्तव
MP News: ग्वालियर के तिघरा डैम में शनिवार शाम गजराराजा मेडिकल कॉलेज (GRMC) के MBBS सेकेंड ईयर के दो छात्रों के डूबने से हड़कंप मच गया. हादसा डैम के कच्ची पार क्षेत्र में हुआ, जहां आम लोगों के जाने पर प्रतिबंध है. बताया जा रहा है कि दोनों छात्र पानी में उतरे थे, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए. देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान में एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे छात्र की तलाश लगातार जारी है.
पिकनिक मनाने पहुंचे थे छात्र
जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के आठ छात्र-छात्राओं का एक समूह पिकनिक मनाने तिघरा डैम पहुंचा था. समूह में चार छात्र और चार छात्राएं शामिल थीं. सभी बोट क्लब से करीब तीन किलोमीटर दूर कच्ची पार इलाके में गए थे. इसी दौरान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी आयुष श्रीवास्तव और सागर जिले के बीना निवासी गोपाल अग्रवाल पानी के पास पहुंचे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों का पैर फिसल गया, जिससे वे अचानक गहरे हिस्से में पहुंच गए और पानी में डूब गए.
दोस्तों ने शुरू की तलाश
जब काफी देर तक दोनों छात्र वापस नहीं लौटे तो उनके साथियों ने उनकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान डैम के किनारे उनके जूते और कपड़े रखे हुए मिले. इसके बाद साथियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही तिघरा थाना पुलिस, सीएसपी कृष्णपाल सिंह और थाना प्रभारी शिवराम सिंह कंषाना मौके पर पहुंचे. SDRF और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. रातभर बोट और हाई-पावर लाइटों की सहायता से तलाश जारी रही. रेस्क्यू टीम ने गोपाल अग्रवाल का शव बरामद कर लिया, जबकि आयुष श्रीवास्तव की खोज जारी है.
गहराई और चट्टानों से बढ़ी मुश्किलें
अधिकारियों के अनुसार, डैम में पानी की अधिक गहराई, कीचड़ और चट्टानी क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू अभियान में दिक्कतें आ रही हैं. पुलिस ने दोनों छात्रों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और SDRF की टीम लगातार दूसरे छात्र की तलाश में जुटी हुई है.
ये भी पढे़ं- MP News: सुप्रीम कोर्ट के आदेश बेअसर! शहर में फर्राटे भर रहे अवैध रेत से लदे ट्रैक्टर, आमने-सामने भिड़ीं दो ट्रॉलियां