Khargone News: बड़वाह में नाबालिग लड़की का मोबाइल टावर पर हाई वोल्टेज ड्रामा, बालिग प्रेमी की शादी कहीं और होने से नाराज थी
बड़वाह के पास ग्राम कटघड़ा में नाबालिग लड़की का मोबाइल टावर पर चढ़कर हाई वोल्टेज ड्रामा.
Input- पीयूष शर्मा
Khargone News: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह के पास ग्राम कटघड़ा में गुरुवार को एक 15 साल की नाबालिग लड़की 160 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. लड़की अपने बालिग प्रेमी की सगाई कहीं और होने से नाराज थी. करीब डेढ़ घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद लड़की के जीजा टावर पर चढ़ गए और उसे सुरक्षित नीचे लेकर आए.
कुछ दिन पहले जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने जब नाबालिग लड़की से पूछताछ की तो पता चला कि नाबालिग गांव के ही एक युवक से प्यार करती थी, लेकिन युवक की सगाई कहीं और तय हो गई. इसी बात से आहत होकर लड़की टावर पर चढ़ गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी उसने जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी. नीचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. एसडीएम सत्यनारायण दर्रो और बड़वाह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घंटों समझाइश दी, लेकिन लड़की टस से मस नहीं हुई. आखिर में लड़की के जीजा अपनी जान जोखिम में डालकर टावर पर चढ़े. उनके साथ टावर कंपनी का कर्मचारी भी था. ऊपर काफी देर तक समझाने के बाद लड़की नीचे उतरने को तैयार हुई.
युवक पहुंचा तो परिजनों ने पिटाई के बाद भगा दिया
लड़की की एक डिमांड और थी कि वह लड़के को बुलाना चाहती थी. लड़का आया भी, उसे उतारने के लिए प्रयास करना चाहता था. लेकिन इसके पहले ही लड़की के परिजनों ने उसे पीट दिया. माहौल खराब हो, इसके पहले ग्रामीणों ने लड़के को वहां से रवाना कर दिया. बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले नाबालिग के जहर खाने के बाद लड़के की सगाई भी टूट गई थी. नाबालिग चाहती थी की अब वह लड़के के घर पर ही रहे. लेकिन नाबालिग होने के चलते शादी संभव नहीं है. ग्राम सरपंच रामेश्वर चौहान ने बताया कि लड़की सुरक्षित है और उसे रेस्क्यू कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी बालिका को काउंसलिंग के लिए अपने साथ ले गए हैं, ताकि उसे समझाया जा सके. एसडीएम ने बताया, “बालिका को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है. प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग और शादी टूटने के बाद नाराजगी का लग रहा है. फिलहाल बालिका को काउंसलिंग के लिए साथ ले जाया गया है, ताकि उसे समझाया जा सके.’