‘बॉयफ्रेंड को घर में रखना चाहती है पत्नी…’, पति ने लगाया आरोप, कहा- जान से मारने की धमकी देकर गायब हो गई
पति ने लगाए पत्नी पर आरोप
MP News: ग्वालियर में एक पति को अपनी पत्नी से जान का खतरा सता रहा है. उसने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी उसकी हत्या करवा सकती है. वजह भी हैरान करने वाली सामने आई है. पीड़ित पति के मुताबिक उसकी पत्नी अपने बॉयफ्रेंड को घर में साथ रखना चाहती है. विरोध करने पर वह पति को जान से मारने की धमकी देकर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी लेकर गायब हो गई. पीड़ित पति ने पत्नी को खोजने के साथ अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार पुलिस से लगाई है.
एसपी ऑफिस की जनसुनवाई में लगाई अर्जी
दरअसल, ग्वालियर के सिकंदर कम्पू इलाके में रहने वाला राजकुमार कुशवाह एसपी ऑफिस में आयोजित पुलिस जनसुनवाई में पहुंचा. उसका आरोप है कि साल 2008 में पूनम कुशवाह नाम की युवती से उसकी हिंदू रीति-रिवाज से अरेंज मैरिज हुई थी. शादी के बाद उनके तीन बेटियां और एक बेटे का जन्म हुआ. राजकुमार का कहना है कि उसकी पत्नी किसी दूसरे युवक के चक्कर में घर बर्बाद कर रही है.
पत्नी ने बॉयफ्रेंड के साथ रहने की रखी शर्त
राजकुमार के मुताबिक उसे इस बात का पता तब चला, जब उसकी पत्नी पूनम 22 जनवरी 2026 को बिना बताए कहीं चली गई. करीब दो महीने बाद मार्च 2026 में जब वह घर लौटी, तो पूछताछ में उसने बताया कि वह आशु उर्फ कमल सेन के साथ गई थी और अब उसी के साथ रहना चाहती है. पति का आरोप है कि पत्नी ने शर्त रखी थी कि यदि वह उसके साथ रहना चाहता है, तो उसका बॉयफ्रेंड आशु भी उसी घर में रहेगा. यानी एक ही छत के नीचे तीनों को साथ रहना होगा. पत्नी की यह शर्त राजकुमार को मंजूर नहीं थी.
विरोध करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी
राजकुमार ने बताया कि 5 मई 2026 की सुबह पूनम फिर बिना बताए घर से चली गई. दोपहर में जब वह वापस लौटी तो उसने पति को धमकाया कि वह उसके खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाकर उसका जीवन बर्बाद कर देगी. इस दौरान पति ने आरोप लगाया कि गुस्से में पत्नी ने उसका सिर भी फोड़ दिया.
जेवर, नगदी और बच्चों को लेकर हुई फरार
पीड़ित पति का आरोप है कि जब तक वह कुछ समझ पाता, तब तक पत्नी घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, नगदी और अपने तीनों बेटियों व बेटे को लेकर वहां से चली गई. राजकुमार कुशवाह ने पुलिस जनसुनवाई में पहुंचकर आरोप लगाया कि पत्नी जाते-जाते उसे धमकी देकर गई है कि वह उसकी हत्या जरूर करवाएगी.
पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार
ऐसे में राजकुमार ने पुलिस से अपनी जान-माल की सुरक्षा के साथ घर से ले जाए गए सोने-चांदी के सामान को वापस दिलाने की गुहार लगाई है. वहीं पुलिस पति राजकुमार द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है, ताकि पत्नी के बच्चों सहित घर छोड़कर जाने की असली वजह स्पष्ट हो सके.
ये भी पढे़ं- मऊगंज: रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला, युवक-युवती के शव कुएं में मिलने से मची सनसनी