पोषण नहीं बीमारी दे रहा आंगनबाड़ी केंद्र! श्योपुर में बच्चों को परोसी गई कीड़ों वाली दाल; Video वायरल होने पर मचा हड़कंप

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से आंगनबाड़ी केंद्र में घटिया और खराब क्वालिटी का खाना परोसा जा रहा है. कई बार शिकायत करने के बावजूद भी जिम्मेदारों ने कोई सुध नहीं ली.
In Sheopur, children were served pulses infested with insects at the Anganwadi centre.

श्योपुर में आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को कीड़े वाली दाल परोसी गई.

Input- हेमकुमार तिवारी

MP News: मध्य प्रदेश के श्योपुर में आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. चंद्रपुरा ग्राम पंचायत में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को कीड़े वाली दाल परोसी गई. घटना का वीडियो भी सामने आया है. जिसमें दाल के अंदर कई कीड़े तैरते हुए नजर आए. वहीं वीडियो वायरल होने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर की है.

‘आंगनबाड़ी केंद्र में घटिया गुणवत्ता का खाना दिया जा रहा’

पूरा मामला चंद्रपुरा ग्राम पंचायत में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का है. यहां बच्चों को परोसी गई कीड़े वाली दाल के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. बच्चों की थाली में परोसी गई दाल में बड़े बड़े सफेद कीड़े साफ नजर आ रहे हैं. आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से आंगनबाड़ी केंद्र में घटिया और खराब क्वालिटी का खाना परोसा जा रहा है. कई बार शिकायत करने के बावजूद भी जिम्मेदारों ने कोई सुध नहीं ली.

कार्रवाई नहीं हुई तो खुद ही वीडियो बनाकर किया वायरल

ग्रामीणों का कहना है कि गांव के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक ही समूह खाने की सप्लाई करता है. कई बार खाने की क्वालिटी को लेकर शिकायत की गई, लेकिन कोई भी ठोस कार्रवाई नहीं हुई. शुक्रवार को जब दाल में कीड़े मिले तो ग्रामीणओं ने खुद ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

जिम्मेदार बोले- कार्रवाई की जाएगी

वहीं सोशल वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया. इसके बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए. अधिकारियों का कहना है कि संबंधित दोनों समूहों को हटा दिया गया है. प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि बच्चों के पोषण आहार की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

घटना के बाद ग्रामीणों में अब भी नाराजगी बनी हुई है. लोगों ने मांग की है कि आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित निरीक्षण कराया जाए और बच्चों को साफ-सुथरा एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा सामने न आए.

ये भी पढे़ं: PM की अपील ना मानने वालों को सिखाया जाएगा ‘पाठ’, 7 नेता 17 मई को तलब, रैली में निकाला था काफिला