खरगोन: नर्मदा पुल पर मिली लापता कारोबारी की कार, 3 दिन से गायब है निशांत जोशी, पुलिस ने जांच की तेज

Khargone: खरगोन जिले के मण्डलेश्वर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब नर्मदा पुल पर इंदौर के एक कारोबारी की कार लावारिस हालत में खड़ी मिली.
Khargone

निशांत जोशी की कार

Khargone/अंकित बड़ोले: खरगोन जिले के मण्डलेश्वर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब नर्मदा पुल पर इंदौर के एक कारोबारी की कार लावारिस हालत में खड़ी मिली. कार इंदौर निवासी 50 वर्षीय निशांत जोशी की बताई जा रही है, जो सोमवार दोपहर से इन्दौर से लापता हैं. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.

हर पहलू से जांच कर रही पुलिस

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. वहीं नर्मदा नदी में भी एसडीआरएफ की टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन फिलहाल कोई सुराग नहीं मिला है. पुलिस के अनुसार इंदौर निवासी 50 वर्षीय निशांत जोशी सोमवार दोपहर से लापता हैं. बताया जा रहा है कि वे मानसिक रूप से अस्वस्थ थे.

मण्डलेश्वर थाना पुलिस ने परिजनों को दी सूचना

मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे मण्डलेश्वर थाना पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि उनकी कार नर्मदा पुल पर लावारिस अवस्था में खड़ी मिली है. सूचना मिलते ही परिजन मण्डलेश्वर पहुंचे और वाहन की पहचान की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से नर्मदा नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी. जांच के दौरान निशांत जोशी के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन माकड़खेड़ा क्षेत्र के आसपास मिली है, जिसके आधार पर पुलिस टीम संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है.

थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया

मण्डलेश्वर थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर जांच कर रही है. साथ ही आमजन से अपील की गई है कि यदि निशांत जोशी के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें.

ये भी पढ़ें: बुरहानपुर के केले को मिला GI टैग, किसानों और उद्योगों को मिलेगा नया विस्तार

ज़रूर पढ़ें