इंदौर को मिला नया प्रभारी मंत्री, CM मोहन यादव ने छोड़ा प्रभार, चैतन्य काश्यप को मिली कमान
चैतन्य काश्यप
Indore Prabhari Mantri: मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के प्रभारी मंत्री अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नहीं होंगे. मुख्यमंत्री ने इंदौर जिले का प्रभार छोड़ते हुए एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप को यह जिम्मेदारी सौंपी है. सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी किया गया. चैतन्य काश्यप अब भोपाल के साथ इंदौर जिले के भी प्रभारी मंत्री होंगे. मुख्यमंत्री ने इंदौर जैसे महत्वपूर्ण और तेजी से विकसित हो रहे जिले की जिम्मेदारी काश्यप को सौंपकर उन पर भरोसा जताया है.
कैलाश विजयवर्गीय के बावजूद काश्यप पर भरोसा
इंदौर में लंबे समय से कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय लगातार सक्रिय बने हुए थे. जिले की राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों में उनकी भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है. इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्री की जिम्मेदारी चैतन्य काश्यप को सौंपी है. इसे मुख्यमंत्री के भरोसे और संगठनात्मक समीकरणों के लिहाज से अहम फैसला माना जा रहा है.
चैतन्य काश्यप का मालवा क्षेत्र से पुराना रिश्ता
चैतन्य काश्यप का मालवा क्षेत्र से पुराना रिश्ता रहा है. वे इस क्षेत्र की राजनीतिक, सामाजिक और औद्योगिक गतिविधियों से परिचित हैं. इसके अलावा उनके पास सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग यानी एमएसएमई विभाग की जिम्मेदारी भी है. इंदौर प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक और व्यावसायिक केंद्र है. यहां उद्योग, निवेश, रोजगार और शहरी विकास से जुड़े कई बड़े काम चल रहे हैं. ऐसे में उद्योग विभाग से जुड़े अनुभव और मालवा क्षेत्र से उनके जुड़ाव को भी इस जिम्मेदारी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
2 साल बाद CM ने छोड़ा इंदौर का प्रभार
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों को जिलों का प्रभार सौंपा था, तब इंदौर की जिम्मेदारी उन्होंने अपने पास रखी थी. अब करीब दो साल बाद मुख्यमंत्री ने यह प्रभार छोड़ दिया है. मध्यप्रदेश के इतिहास में मुख्यमंत्री के स्तर पर किसी जिले का प्रभार अपने पास रखना एक अलग तरह की व्यवस्था रही है. अब चैतन्य काश्यप के सामने इंदौर के विकास कार्यों की समीक्षा, प्रशासनिक समन्वय और जनप्रतिनिधियों के साथ तालमेल की जिम्मेदारी होगी. मुख्यमंत्री के सीधे प्रभार से मुक्त होने के बाद इंदौर में नए प्रभारी मंत्री की भूमिका और सक्रियता पर सबकी नजर रहेगी.



