महाराष्ट्र के मदरसे भेजे जा रहे थे 167 बच्चे, कटनी में ट्रेन से उतारे गए, मानव तस्करी का संदेह
कटनी रेलवे स्टेशन पर बच्चों का रेस्क्यू
Katni News: मध्य प्रदेश के कटनी रेलवे स्टेशन पर पटना-पूर्णा एक्सप्रेस ट्रेन से 167 बच्चों का रेस्क्यू किया गया. खबरों के मुताबिक इन बच्चों को बिहार के अरैया जिले से महाराष्ट्र के लातूर में स्थित एक मदरसे में ले जाया जा रहा था. इसकी जानाकरी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल ने एक्शन लेते हुए ट्रेन से बच्चों को रेस्क्यू किया. आइए जानते है कि क्या है पूरा मामला?
RPF और GRP की बड़ी कार्रवाई
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को खुफिया जानकारी मिली थी कि ट्रेन में बड़ी संख्या में छोटे बच्चों को संदिग्ध परिस्थितियों में ले जाया जा रहा है. कटनी स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर RPF और GRP ने एक संयुक्त अभियान चलाया जिसमें स्लीपर और जनरल कोच से सभी बच्चों को उतारा गया और उन्होंने सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया.
7 लोगों से की जा रही है पूछताछ
इन बच्चों के साथ आए सात लोगों ने इस बारे में पूछताछ की जा रही है. मामले की शुरूआती जांच में पता चला है कि बच्चों की शिक्षा के लिए इन्हें बिहार के अरैया से महाराष्ट्र के लातूर ले जाया जा रहा था. हालांकि संबंधित लोगों के पास कोई वैध दस्तावेज न मिलने के कारण इस मामले में मानव तस्करी की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं.
ट्रेन नंबर 17609 के स्लीपर कोच की छानबीन
रिपोर्ट के मुताबिक कटनी रेलवे सुरक्षा बल को सूचना मिली थी कि ट्रेन नंबर 17609 के स्लीपर और जनरल कोच में बड़ी संख्या में छोटे बच्चों को ले जाया जा रहा है. जैसे ही ट्रेन नंबर 17609 कटनी के प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर पहुंची, बच्चों को तुरंत स्लीपर और जनरल कोच से बाहर निकाला गया और कटनी RPF स्टेशन ले जाया गया.