Morena: वोटर सूची में गड़बड़ी का आरोप, मृतकों के नाम अब तक दर्ज होने पर ग्रामीणों में आक्रोश

मुरैना जिले के ग्राम पंचायत नगरा में मतदाता सूची को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन पर अलग-अलग तरह के कई आरो भी लगाए हैं.
Morena news

ग्रामीणों में आक्रोश

Morena News/मनोज शर्मा: मुरैना जिले के ग्राम पंचायत नगरा में मतदाता सूची को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं. ग्रामीणों के अनुसार पोलिंग क्रमांक 138 एवं 139 में दर्ज लगभग 850 मतदाताओं में से करीब 350 मतदाताओं के नाम बिना जानकारी एवं सहमति के लगभग 2 किलोमीटर दूर स्थित पोलिंग क्रमांक 135 में स्थानांतरित कर दिए गए हैं. मामले को लेकर क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है.

बताया जा रहा है कि जानकारी मिलने के बाद पंचायत के वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीणों ने एकत्रित होकर पंचायत सचिव के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई. ग्रामीणों का कहना है कि मतदान केंद्रों में इस प्रकार बदलाव किए जाने से मतदान के दिन लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

मामले में ग्रामीणों का आरोप

मामले में ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत क्षेत्र में कई ऐसे लोगों के नाम आज भी वोटर सूची में शामिल हैं जिनका निधन काफी समय पहले हो चुका है, लेकिन अब तक उनके नाम सूची से नहीं हटाए गए हैं. ग्रामीणों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए मतदाता सूची की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि जीवित मतदाताओं के नाम अन्य पोलिंग केंद्रों में स्थानांतरित किए जा रहे हैं, जबकि मृत व्यक्तियों के नाम सूची में बने रहना चुनावी प्रक्रिया की शुद्धता पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है.

मामले की निष्पक्ष जांच की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा प्रभावित मतदाताओं के नाम पुनः मूल पोलिंग क्रमांक 138 एवं 139 में जोड़े जाने की मांग की है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जनआक्रोश बढ़ सकता है. ग्रामीणों की प्रमुख मांगें: मृत मतदाताओं के नाम हटाए जाएं, बदले गए वोट पुनः मूल पोलिंग में जोड़े जाएं एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो.

ये भी पढे़ं- ‘बड़वानी में बिना फिल्टर पानी पीने लायक नहीं’, NHRC के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने नर्मदा की जल गुणवत्ता पर उठाए सवाल

ज़रूर पढ़ें